☰
×

परिसीमन और सीटें बढ़ाने के मुद्दे पर कांग्रेस की बैठक, वीडियो में जाने INDIA ब्लॉक भी करेगा चर्चा; सांसदों को व्हिप जारी

 

संसद के आगामी सत्र को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद सत्र की रणनीति तैयार करने के लिए शुक्रवार को कांग्रेस संसदीय दल की चेयरपर्सन सोनिया गांधी के आवास पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और सांसदों की बैठक हुई। इसमें परिसीमन और लोकसभा की सीटों में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी के प्रस्ताव को लेकर कांग्रेस का रुख तय करने पर चर्चा की गई।

बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल और उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम समेत कई नेता मौजूद रहे। बैठक का मुख्य एजेंडा संसद सत्र के दौरान उठाए जाने वाले मुद्दों और सरकार के संभावित विधेयकों पर पार्टी की रणनीति तैयार करना था।

सरकार परिसीमन विधेयक लाने की तैयारी में: गौरव गोगोई

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/raPFlNaplBk?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/raPFlNaplBk/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

बैठक के बाद कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि सरकार परिसीमन विधेयक को फिर से लाने की कोशिश कर रही है। इसी मुद्दे को देखते हुए पार्टी संसद में अपनी रणनीति तैयार कर रही है। परिसीमन और लोकसभा की सीटों में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी का प्रस्ताव आगामी सत्र में राजनीतिक बहस का बड़ा मुद्दा बन सकता है।कांग्रेस इस मामले में विपक्षी दलों के साथ भी विचार-विमर्श करेगी, ताकि संसद में एक साझा रुख अपनाया जा सके। इसके लिए शनिवार सुबह 11:30 बजे मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में INDIA ब्लॉक के नेताओं की बैठक बुलाई गई है।

INDIA ब्लॉक की बैठक में स्टालिन और शरद गुट को भी बुलावा

शनिवार को होने वाली विपक्षी गठबंधन की बैठक में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार गुट) को भी आमंत्रित किया जाएगा। हालांकि, NCP के शरद पवार गुट ने परिसीमन विधेयक का समर्थन करने का ऐलान किया है। ऐसे में इस मुद्दे पर विपक्षी दलों के बीच अलग-अलग राय सामने आ सकती है।कांग्रेस की कोशिश है कि संसद सत्र शुरू होने से पहले सहयोगी दलों के साथ बातचीत कर अहम मुद्दों पर सहमति बनाई जाए। परिसीमन के साथ लोकसभा की सीटें बढ़ाने के प्रस्ताव पर विपक्ष की रणनीति भी इस बैठक में चर्चा का विषय रह सकती है।

कांग्रेस ने सांसदों को जारी किया व्हिप

संसद सत्र को देखते हुए कांग्रेस ने लोकसभा और राज्यसभा में अपने सभी सांसदों के लिए व्हिप जारी किया है। इसमें सांसदों को अगले हफ्ते होने वाली विशेष बैठक के दौरान अपने-अपने सदन में मौजूद रहने का निर्देश दिया गया है। पार्टी ने सभी सांसदों से 29 नवंबर तक नई दिल्ली पहुंचने के लिए भी कहा है।व्हिप जारी होने के बाद साफ है कि कांग्रेस इस विशेष बैठक को काफी अहम मान रही है और किसी भी स्थिति में अपने सांसदों की सदन में उपस्थिति सुनिश्चित करना चाहती है।

शिवसेना ने भी सांसदों को दिए निर्देश

कांग्रेस के अलावा महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने भी अपने सांसदों को विशेष सत्र में शामिल होने का निर्देश दिया है। पार्टी के मुख्य सचेतक श्रीरंग बारणे ने इसकी जानकारी दी।शिंदे गुट की शिवसेना के लोकसभा में 13 और राज्यसभा में 2 सांसद हैं। ऐसे में परिसीमन और लोकसभा की सीटों में बढ़ोतरी जैसे मुद्दों पर संसद में होने वाली चर्चा के दौरान सभी प्रमुख दल अपनी संख्या और रणनीति के साथ सक्रिय नजर आएंगे। आगामी सत्र में सरकार और विपक्ष के बीच इन प्रस्तावों को लेकर टकराव की संभावना है।