कांग्रेस को लेकर सत्ता विरोधी लहर अपने चरम पर : बीवाई विजयेंद्र
बेंगलुरु, 20 मार्च (आईएएनएस)। कर्नाटक भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र ने दावा किया कि प्रदेश में कांग्रेस को लेकर सत्ता विरोध लहर अपने चरम पर पहुंच चुकी है।
उन्होंने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि इसकी वजह यह है कि इस पार्टी में सत्ता में आने के बाद सिर्फ लोगों के हितों पर कुठाराघात करने का ही काम किया है, जिसे अब प्रदेश की जनता किसी भी सूरत में स्वीकार करने वाली नहीं है। इस बार प्रदेश की जनता ने बदलाव का मन बना लिया है और अब इस बदलाव को धरातल पर उतरने से कोई भी नहीं रोक सकता है।
उन्होंने कहा कि इस बार पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के साथ-साथ दो अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी उपचुनाव होने जा रहे हैं। जिसमें प्रमुख रूप से दावनगेरे साउथ और बागलकोट का नाम शामिल है। इन दोनों विधानसभा क्षेत्रों के लिए भी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की तरफ से उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी गई है और अब आगे की प्रक्रियाओं को जल्द ही संपन्न किया जाएगा। हमें पूरा विश्वास है कि आगामी दिनों में नतीजे हमारे अपेक्षा के अनुरूप ही आएंगे।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र ने दावा किया कि अब प्रदेश में सत्ता विरोध लहर अपने चरम पर पहुंच चुकी है। अब इस प्रदेश में कांग्रेस के लिए सत्ता में वापसी के सारे दरवाजे बंद हो चुके हैं, क्योंकि यह सरकार विकास और गरीब विरोधी सरकार है, जिसे लोगों के हितों से कोई लेना देना नहीं है। इन्हें सिर्फ अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने से मतलब है।
उन्होंने कहा कि हमें पूरा विश्वास है कि जिन दो विधानसभा क्षेत्रों में उप-चुनाव होने जा रहे हैं, वहां पर पूरी तरह से माहौल भाजपा के पक्ष में बना हुआ है। यहां पर भाजपा आगामी उपचुनाव में भारी बहुमत से जीत हासिल करेगी।
--आईएएनएस
एएस/