☰
×

कांग्रेस को 26 से ज्यादा सीटें देना ठीक नहीं, सपा कार्यकर्ता होंगे हताश : सांसद एसपी सिंह पटेल

 

लखनऊ, 25 नवंबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के सांसद एसपी सिंह पटेल ने सीट बंटवारे को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि राम गोपाल यादव और अखिलेश यादव के नेतृत्व में ही सीटों को लेकर फैसला हुआ है। राम गोपाल यादव ने कांग्रेस को 26 सीटों की लिस्ट दी है और यही फैसला सही है।

एसपी सिंह ने आईएएनएस से कहा कि पिछले चुनाव में कांग्रेस का वोट प्रतिशत करीब 2 प्रतिशत था, जबकि समाजवादी पार्टी का वोट शेयर करीब 32 प्रतिशत था। ऐसे में कांग्रेस को 26 से ज्यादा सीटें देना उचित नहीं होगा।

उन्होंने कहा कि इससे समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता हताश होंगे, क्योंकि जिन कार्यकर्ताओं ने अपनी-अपनी विधानसभाओं में मेहनत की है, उन्हें चुनाव लड़ने का हक मिलना चाहिए। इस समय जनाधार अखिलेश यादव के पक्ष में है और उन्होंने जो पीडीए का फॉर्मूला दिया है, उसमें सभी जातियों और सभी धर्मों के लोगों को सम्मान दिया जा रहा है। जनता अखिलेश यादव के साथ है और यह बिल्कुल सही निर्णय है।

सपा सांसद ने यह भी कहा कि अगले दौर की बातचीत भी होनी है, तो हो सकता है कि 2-4 सीटें और बढ़ जाएं। जो सीटें दी जा रही हैं, कांग्रेस को उन्हें मान लेना चाहिए।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद के 'भीख' वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए एसपी सिंह पटेल ने कहा कि इसमें भीख की क्या बात है, अपना वोट शेयर देखकर बात करिए। उन्होंने बताया कि कांग्रेस 30 से ज्यादा सीटों की हकदार नहीं है। यह आपसी सहयोग की बात है और देखना होगा कि वोट शेयर और जनता किसके पक्ष में है।

उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय दल होने के नाते समाजवादी पार्टी का हक है कि हर निर्णय यहीं से लिया जाए। कांग्रेस को जितनी सीटें मिल रही हैं, उसे स्वीकार करनी चाहिए। उनके 2 प्रतिशत विधायक होने के बाद भी सबसे ज्यादा सीटें मांग रहे हैं, यह उचित नहीं है। उन्हें ज्यादा से ज्यादा 5 से 10 सीटें और दी जा सकती हैं।

एसपी सिंह पटेल ने कहा कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस बहुत पीछे है, जबकि समाजवादी पार्टी बहुत आगे है। आम आदमी पार्टी को भी 2-4 सीटें मिलनी चाहिए, क्योंकि वह भी गठबंधन में है।

वहीं दूसरी ओर, एआईएमआईएम के राष्ट्रीय प्रवक्ता शादाब चौहान के बयान पर भी सपा सांसद ने प्रतिक्रिया दी। शादाब चौहान ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा था कि वे किसी के इशारे पर 'हिंदुत्व के समुद्र में डुबकी' लगा रहे हैं और भाजपा की मदद कर रहे हैं।

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए एसपी सिंह ने कहा कि इन लोगों के बयान कभी भी समाजवादी पार्टी के पक्ष में नहीं रहे हैं। ये उल्टा-सीधा बोलकर हिंदुओं को भड़काने का काम करते हैं। इसके पीछे यही कारण है कि भाजपा सत्ता में रही है और ये लोग उसके सहयोगी बनकर काम करते हैं। यही इनका असली उद्देश्य होता है।

26 नवंबर को संविधान दिवस के मौके पर अखिलेश यादव अपनी पार्टी का घोषणा पत्र लॉन्च करने वाले हैं। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए सपा सांसद ने कहा कि घोषणा पत्र सभी लोगों के हित में होगा। इसमें किसानों, व्यापारियों और युवाओं के हित का ध्यान रखा जाएगा। इसमें आम जन का हित शामिल होगा।

--आईएएनएस

वीकेयू/एएस