कांग्रेस का यूपी विधानसभा घेराव आज, सांसद किशोरी लाल शर्मा बोले-मनरेगा खत्म करने की साजिश रच रही भाजपा
लखनऊ, 17 फरवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी मंगलवार को विधानसभा का घेराव करेगी। इसकी तैयारी पूरी कर ली गई है, हालांकि पुलिस प्रशासन विभिन्न जिलों में कांग्रेस नेताओं को रोकने की कोशिश में लगा है। कांग्रेस सांसद किशोरी लाल शर्मा ने कहा कि हम लोग तैयार हैं। कई जिलों से कार्यकर्ता लखनऊ पहुंच रहे हैं।
कांग्रेस सांसद किशोरी लाल शर्मा ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "हमारे प्रदेश कमेटी के आह्वान पर विधानसभा घेराव का हमारा कार्यक्रम है। पार्टी की ओर से मनरेगा बचाओ संग्राम शुरू किया गया है। पुलिस ने विभिन्न जिलों में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को हाउस अरेस्ट कर लिया है। उन्हें लखनऊ आने से रोका जा रहा है।
उन्होंने कहा कि 'विकसित भारत जी राम जी' योजना मजदूरों के हक में नहीं है। इसका प्रचार भाजपा की तरफ से उल्टा किया जा रहा है। इसीलिए हम लोग इसकी सच्चाई जनता के सामने लाने का प्रयास कर रहे हैं। जनता के पास जब तक सही जानकारी नहीं होगी तब तक जनता जागरूक नहीं होगी। इसीलिए जनता को पहले जागरूक होने की जरूरत है।
कांग्रेस सांसद ने कहा कि सरकार ने इसे 60 और 40 प्रतिशत कर दिया है, जिससे कई राज्यों पर बोझ बढ़ गया है। कई राज्य ऐसे हैं जो 10 प्रतिशत भी नहीं दे पाते हैं, वे 40 प्रतिशत का कैसा योगदान करेंगे?
केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कांग्रेस सांसद किशोरी लाल शर्मा ने कहा कि सरकार की योजना इस स्कीम को बंद करने की है। इसीलिए इन्होंने राज्य सरकारों पर बोझ बढ़ा दिया है, जो देश के लिए सही नहीं है। भाजपा सरकार जिस तरह से काम कर रही है, उससे जनता के लिए आने वाले समय में परेशानी हो सकती है।
प्रदर्शन से पहले ही पुलिस ने सख्ती बरती है। कई कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिया गया है या नजरबंद किया गया है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय लल्लू समेत कई अन्य नेता पुलिस हिरासत में हैं। यूपी के विभिन्न जिलों में भी कांग्रेस के स्थानीय नेताओं को हाउस अरेस्ट या हिरासत में लिया गया है, जिससे पार्टी कार्यकर्ताओं को लखनऊ पहुंचने में कठिनाई हो रही है।
कांग्रेस का यह घेराव मुख्य रूप से मनरेगा बचाओ अभियान, महंगाई, बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था की स्थिति और अन्य जन-मुद्दों पर केंद्रित है। पार्टी ने कहा है कि वह सरकार के सामने अपनी मांगें मजबूती से रखेगी और लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जताएगी।
--आईएएनएस
एसएके/वीसी