कांग्रेस का लोकतांत्रिक प्रक्रिया में विश्वास नहीं : भाजपा नेता आरपी सिंह
नई दिल्ली, 25 फरवरी (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह ने बुधवार को कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस पर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में विश्वास नहीं करने का गंभीर आरोप लगाया।
भाजपा प्रवक्ता आरपी सिंह ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी की सोच साफ है कि वे लोकतांत्रिक प्रक्रिया में विश्वास नहीं करते, इसी कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धमकी दे रहे हैं। उन्होंने पंजाब कांग्रेस नेता ब्रिंदर सिंह ढिल्लों के बयान का जिक्र किया, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर पीएम मोदी के खिलाफ अपशब्द और धमकी भरे लहजे में बात की थी। आरपी सिंह ने इसे कांग्रेस की 'मोहब्बत की दुकान' वाली छवि के विपरीत 'अपमानजनक और धमकी भरी' राजनीति बताया।
भाजपा प्रवक्ता ने प्रधानमंत्री मोदी के इजरायल दौरे की तारीफ की और कहा, "मोदी इजरायली संसद को संबोधित करने वाले भारत के पहले प्रधानमंत्री हैं। यह भारत-इजरायल संबंधों की मजबूती और परिणाम-उन्मुख नीति का प्रमाण है। दोनों देश कृषि, प्रौद्योगिकी, रक्षा और अन्य क्षेत्रों में कई समझौते करने जा रहे हैं। हमारी डिप्लोमेसी डिलीवरी देने वाली है, जो राष्ट्रहित में काम करती है।"
केरल के नाम बदलकर 'केरलम' करने पर केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी को लेकर भाजपा नेता ने कहा कि यह केरल के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग थी। राज्य विधानसभा में सर्वसम्मति से रेजोल्यूशन पास हुआ था, जिसके आधार पर केंद्र ने प्रस्ताव को मंजूरी दी। अब राज्य 'केरलम' के नाम से जाना जाएगा। सिंह ने इसे सांस्कृतिक और भाषाई पहचान की मजबूती बताया।
दिल्ली में लश्कर-ए-तैयबा के बांग्लादेश माड्यूल मामले में आरोपियों को 7 दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है, जिसको लेकर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने आतंकवाद के नाम पर निर्दोष लोगों को फंसाए जाने की बात कही है। भाजपा नेता ने कहा कि गिरफ्तार किए जा रहे मुस्लिम युवक बांग्लादेश के नागरिक हैं। अगर मसूद बांग्लादेशियों के पक्ष में खड़े हैं, तो कांग्रेस को इस पर आत्ममंथन करना चाहिए।
--आईएएनएस
एससीएच/एमएस