एसआईआर पर बोले कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम- ज्ञानेश कुमार के खिलाफ पूरी ताकत के साथ एकजुट विपक्ष
नई दिल्ली, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नवंबर 2025 के चुनाव के बाद एसआईआर, वोट चोरी और ज्ञानेश कुमार को लेकर इंडिया गठबंधन पहली बार बड़ी ताकत के साथ एकजुट हो रहा है। दिल्ली में राहुल गांधी के नेतृत्व में हुई बैठक में तय हुआ है कि यह लड़ाई पूरे देश में संयुक्त रूप से लड़ी जाएगी। इसी कड़ी में बिहार में इंडिया गठबंधन के सभी घटक दल गुरुवार को राजभवन तक कूच करेंगे।
बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि इंडिया गठबंधन की बैठक दिल्ली में राहुल गांधी के नेतृत्व में हुई और वहां सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि हम पूरे देश में इस आंदोलन को संयुक्त रूप से भी लड़ेंगे और पार्टी स्तर पर जो हम कर रहे हैं, वह चलता रहेगा। इसी परिप्रेक्ष्य में हम बिहार में गुरुवार को विरोध प्रदर्शन की तैयारी कर रहे हैं। इंडिया गठबंधन के जितने भी साझेदार हैं, हम सभी संयुक्त रूप से राजभवन की ओर कूच करेंगे।
उन्होंने आगे कहा कि चुनावी प्रक्रिया नवंबर 2025 में संपन्न हुई। उसके बाद हम लोग संयुक्त रूप से एसआईआर और ज्ञानेश कुमार को लेकर पहली बार एकजुट हो रहे हैं और बड़ी ताकत के साथ एकजुट हो रहे हैं।
बिहार कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पीएम मोदी ने मिशन के तहत देश को जो दिया है, मैं वह याद दिलाना चाहता हूं। पहला मिशन उन्होंने नोटबंदी किया, आधी रात को घोषणा कर दी कि हम नोटबंदी करेंगे। देश की जनता को लाइन में खड़ा कर दिया और कई लोगों ने उसी लाइन में अपने ही पैसों के लिए दम तोड़ दिया तो यह भी एक मिशन था।
उन्होंने आगे कहा कि दूसरा मिशन कोरोना काल में था, जब थाली बजाने और ताली बजाने के लिए कहा गया और लाखों लोगों की जान ऑक्सीजन के बिना चली गई। बिना किसी सरकारी व्यवस्था के लाखों-हजारों लोग पैदल ही अपने गंतव्य तक पहुंचे तो यह भी उनका एक मिशन था। तीसरा सबसे महत्वपूर्ण मिशन यह है कि आपने ईडी और सीबीआई को अपने विरोधियों को धमकाने के लिए, उनका गला घोंटने के लिए इस्तेमाल किया। विरोधियों को पूरी ताकत से कुचलने के लिए सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग किया तो यह भी आपका बहुत बढ़िया मिशन था।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि एक मिशन था कि पूरे देश में 2014 के बाद कई चुनाव हुए, उसमें आपने एसआईआर के माध्यम से चुनाव आयोग के साथ साजिश करके और वोट चोरी करके 13 से 13.5 करोड़ जनता के नाम काटे और हटा दिए। आपने ज्ञानेश कुमार को पूरी ताकत दे दी और देश में वोट चोरी करके पूरी सरकार बना ली। यह मिशन आपके लिए बहुत महत्वपूर्ण था। यह अलग बात है कि अब आप उजागर हो गए हैं।
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के दो आयुक्तों ने राहुल गांधी के उस प्रमाण को प्रमाणित कर दिया है, जिसे राहुल गांधी तीन सालों से लगातार कह रहे हैं कि वोट चोरी हुई है।
--आईएएनएस
केके/डीकेपी