कांग्रेस 2027 का चुनाव डंके की चोट पर जीतेगी, जनता चाहती है बदलाव : अजय राय
वाराणसी, 10 नवंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस नेता अजय राय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के साथ हुई बातचीत, सोनिया गांधी की किताब के विमोचन, राहुल गांधी पर पीएम मोदी की टिप्पणी और आगामी चुनावों को लेकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने प्रधानमंत्री पर आरोप लगाया कि वे चुनावों को ध्यान में रखकर बड़े-बड़े ऐलान और बातचीत करते हैं, लेकिन उनका असर जमीन पर दिखाई नहीं देता। अजय राय ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए और दावा किया कि देश में लोकतंत्र को कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पूरी ताकत से उतरेगी और जीत हासिल करेगी।
प्रधानमंत्री मोदी की यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से बातचीत पर अजय राय ने कहा कि मोदी कई देशों के राष्ट्राध्यक्षों से बात करते हैं और बड़े-बड़े आश्वासन भी देते हैं, लेकिन उनका परिणाम जमीन पर दिखाई नहीं देता। 5 राज्यों में होने वाले चुनावों को देखते हुए अब सरकार को फूड कॉरिडोर, लोगों का भविष्य, रोजगार और फैक्ट्रियों की याद आ रही है। प्रधानमंत्री मोदी चुनाव के मद्देनजर ही ऐसे मुद्दों को उठाते हैं। पीएम मोदी का एक ही एजेंडा है कि किसी भी तरह चुनाव जीता जाए और देश की जनता को गुमराह किया जाए।
सोनिया गांधी की किताब के विमोचन पर अजय राय ने कहा कि कांग्रेस का काम करने का तरीका शुरू से ही साधारण रहा है। पार्टी किसी तरह की मार्केटिंग या बड़े आयोजन में विश्वास नहीं करती। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि इवेंट मैनेजमेंट का काम प्रधानमंत्री मोदी करते हैं और उनका काम शोमैन व इवेंट मैनेजर जैसा है। राय ने कहा कि सोनिया गांधी हमेशा से साधारण और सौम्य रही हैं। उन्होंने देश के लिए त्याग किया है। किताब को सीधे दुकानों पर उपलब्ध कराने के फैसले को उन्होंने कांग्रेस की सादगीपूर्ण सोच बताया और कहा कि पार्टी अपनी बात सरल तरीके से लोगों तक पहुंचाना चाहती है। उन्होंने किताब का स्वागत करते हुए कहा कि पूरा देश इसका स्वागत करेगा।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के उस ऐलान पर कि काम में देरी होने पर अधिकारियों पर जुर्माना लगाया जाएगा, अजय राय ने कहा कि रेखा गुप्ता केवल एक पपेट की तरह काम कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी अपनी कोई सोच नहीं है। वह प्रधानमंत्री कार्यालय और अमित शाह की ओर से मिलने वाले निर्देशों का पालन करती हैं।
प्रधानमंत्री मोदी की ओर से राहुल गांधी को नक्सली कहे जाने संबंधी टिप्पणी पर अजय राय ने कहा कि राहुल गांधी देश, गरीबों, मजदूरों और आम आदमी के मुद्दे उठाते हैं और उनके लिए लगातार संघर्ष करते हैं। जब भी राहुल गांधी जनता से जुड़े सवाल उठाते हैं, प्रधानमंत्री उन पर उल्टे-सीधे आरोप लगाते हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने जो बातें कही हैं, वे पूरी तरह सही हैं और प्रधानमंत्री उनसे घबराते हैं।
2029 के चुनाव को लेकर अशोक गहलोत की चिंता पर अजय राय ने कहा कि देश में लोकतंत्र समाप्त किया जा रहा है। चुनाव आयोग सरकार के साथ मिला हुआ है और पूरा सिस्टम अपने हाथ में रखा जा रहा है। हालांकि उन्होंने भरोसा जताया कि जनता जागरूक है और इस बार बदलाव होकर रहेगा और इसकी शुरुआत उत्तर प्रदेश सहित उन पांच राज्यों के चुनावों से होगी, जहां जल्द चुनाव होने हैं।
दिल्ली के प्रदूषण के लिए पंजाब को जिम्मेदार ठहराने वाले मंत्री कपिल मिश्रा के बयान पर राय ने कहा कि दिल्ली के मंत्री को पहले राजधानी की स्थिति पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता जनता को भ्रमित कर रहे हैं। अजय राय ने दिल्ली की स्थिति खराब कर दी है। उन्होंने दिल्ली में प्रदूषण के लिए भाजपा और नरेंद्र मोदी सरकार को जिम्मेदार ठहराया।
2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की रणनीति पर अजय राय ने कहा कि कांग्रेस पूरी तरह अपने काम में लगी हुई है। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करेगी। राय ने कहा कि कांग्रेस 2027 का चुनाव डंके की चोट पर जीतेगी।
--आईएएनएस
पीएसके/वीसी