×

कॉमनेल्थ गेम्स में स्वर्ण जीतेंगे जूडो और मुक्केबाजी फाइनल में पहुंचे एथलीट: हर्ष संघवी

 

ग्लासगो, 31 जुलाई (आईएएनएस)। गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में हिस्सा लेने गए भारतीय एथलीटों का हौसला बढ़ाने के लिए ग्लासगो में उपस्थित हैं। संघवी ने कहा है कि जूडो और मुक्केबाजी के फाइनल में जगह बनाने वाले एथलीट देश के लिए स्वर्ण पदक जीतेंगे।

हर्ष संघवी ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "जूडोका के सेमीफाइनल में हमारे खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बनाई है। मुझे भरोसा है कि हमारे खिलाड़ी देश के लिए स्वर्ण पदक जीतेंगे।"

उन्होंने कहा, "हम बॉक्सिंग और जूडो में अच्छा कर रहे हैं। यह आप हर जगह देख सकते हैं। गुजरात के एक छोटे से गांव से आने वाले रोहित यहां ग्लासगो में कॉमनवेल्थ गेम्स में पहुंचे हैं। वह सिद्दी समुदाय से हैं। एक बहुत छोटे से गांव से उन्होंने प्रशिक्षण लिया है और अब इस स्तर पर पहुंचे हैं। उनका मैच भी बहुत करीबी था। दुर्भाग्य से, वह हार गए, लेकिन वह फिर से मैदान में लौटेंगे। वह दोगुने पक्के इरादे और दोगुने अभ्यास के साथ वापस आएंगे। भविष्य में वह भी 'जय बजरंगबली' कहते हुए निश्चित रूप से देश के लिए पदक जीतेंगे।"

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत को जूडो और मुक्केबाजी में स्वर्ण पदक आने की उम्मीद है।

जूडोका की बात करें तो, अस्मिता डे महिलाओं के 48 किग्रा भार वर्ग के सेमीफाइनल में स्कॉटलैंड की समर शॉ को हराकर फाइनल में पहुंची हैं। फाइनल में उनका मुकाबला कनाडा की हेइडी क्वैच से होगा। हर्ष सिंह ने पुरुषों के 60 किग्रा इवेंट के सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के पेड्रो कार्लोस एंटुन नेटो को हराकर फाइनल में जगह बनाई है। फाइनल में उनका मुकाबला ऑस्ट्रेलियाई जोशुआ कैट्ज से होगा। यामिनी मौर्या ने महिलाओं की 57 किग्रा भार वर्ग में दक्षिण अफ्रीका की डोने ब्रेयटेनबैक को इप्पोन से हराकर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल में यामिनी का मुकाबला इंग्लैंड की एसेलिया टोपराक से होगा।

मुक्केबाजी में अंकुश पंघाल ने पुरुषों के 80 किग्रा भार वर्ग में कनाडा के जोशुआ ओफोरी को 5-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई है, जबकि प्रीति पवार ने महिलाओं की 54 किग्रा भार वर्ग के सेमीफाइनल में जाम्बिया की कैथरीन म्वापे को हराकर फाइनल में जगह बनाई है। फाइनल में उनका मुकाबला कनाडा की स्कारलेट डेलगाडो से होगा।

--आईएएनएस

पीएके