×

कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड जीतना सपने के सच होने जैसा, एशियाई खेलों पर अब पूरा ध्यान : साक्षी

 

नई दिल्ली, 13 अगस्त (आईएएनएस)। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में गोल्ड मेडल जीतने वाली बॉक्सर साक्षी चौधरी ने कहा है कि उन्होंने अपना ध्यान एशियाई खेलों 2026 पर लगा दिया है। ग्लासगो में शानदार प्रदर्शन करने के बाद, यह भारतीय बॉक्सर एक और बड़े इंटरनेशनल खिताब के लिए चुनौती पेश करने को तैयार है।

साक्षी ने कॉमनवेल्थ गेम्स में महिलाओं की 51 किग्रा बॉक्सिंग कैटेगरी में जबरदस्त प्रदर्शन किया और फाइनल में इंग्लैंड की रूबी व्हाइट को 5-0 से हराकर गोल्ड मेडल जीता। पूरी प्रतियोगिता के दौरान यह भारतीय बॉक्सर अजेय रही और प्री-क्वार्टर फाइनल से लेकर फाइनल तक 5-0 के सर्वसम्मत फैसले का रिकॉर्ड बनाए रखा।

ग्लासगो में उनके गोल्ड मेडल जीतने वाले प्रदर्शन में तेज मूवमेंट, संयमित डिफेंस, सटीक कॉम्बिनेशन और समझदारी भरी रणनीतिक चालें शामिल थीं। फाइनल में व्हाइट के खिलाफ साक्षी ने शुरुआती घंटी से ही मुकाबले पर नियंत्रण बनाए रखा और सर्वसम्मत जीत हासिल की। ​​जजों के स्कोरकार्ड 30-27, 29-28, 30-27, 30-26 और 30-27 रहे।

कॉमनवेल्थ गेम्स में मिली कामयाबी ने साक्षी का एशियाई खेलों के आगाज से पहले आत्मविश्वास बढ़ाने का काम किया है। साक्षी ने कहा, "कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीतना मेरे लिए एक सपने के सच होने जैसा है। अब मेरा पूरा ध्यान एशियाई खेलों पर है। ये ऐसे मंच हैं, जिन पर खेलने का मैंने हमेशा लक्ष्य रखा है और मैं अपनी पूरी क्षमता के साथ खेलना चाहती हूं।"

बॉक्सर ने आगे कहा कि भारत का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए प्रेरणा का सबसे बड़ा स्रोत है और यह उन्हें हर मुकाबले में बेहतर करने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा, "मैं अपने देश के लिए खेलती हूं। यह लगातार मन में रहने वाला विचार मुझे जोश से भर देता है और मुझे पिछले मैच से बेहतर करने की ताकत और हिम्मत देता है।"

साक्षी ने कहा कि वह तुरंत एशियाई खेलों की तैयारी शुरू कर देंगी और कॉमनवेल्थ गेम्स के अपने अनुभव से मिली सीख का इस्तेमाल अपने खेल को और बेहतर बनाने में करेंगी। उन्होंने कहा, "मैं अब एशियाई खेलों के लिए अपनी ट्रेनिंग शुरू करूंगी। मैंने अपने कॉमनवेल्थ मैचों से बहुत कुछ सीखा है, और मैं इस अनुभव को हमेशा याद रखूंगी।"

--आईएएनएस

एसएम/एबीएम