×

कर्नल श्रीकांत पुरोहित को ब्रिगेडियर के पद पर मिला प्रमोशन तो पत्नी ने जताई खुशी

 

पुणे, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। मालेगांव धमाका मामले में बरी होने के बाद कर्नल श्रीकांत पुरोहित को ब्रिगेडियर के पद पर पदोन्नति मिलने पर उनकी पत्नी अपर्णा पुरोहित ने खुशी जताई। उन्होंने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि मैं बहुत खुश हूं। यह ईश्वर की कृपा है कि इतने वर्षों बाद उन्हें ब्रिगेडियर के पद पर पदोन्नति मिली है।

अपर्णा पुरोहित ने कहा कि जैसे ही वे (कर्नल श्रीकांत पुरोहित) बरी हुए, तब उन्हें कर्नल के पद पर पदोन्नति मिली थी और आज उन्हें ब्रिगेडियर के पद पर प्रमोट किया गया है। कठिन समय के बाद अब जाकर काफी खुशी हो रही है। अब उनको काम करने का मौका मिला है।

मालेगांव धमाका मामले में बरी होने के बाद कर्नल श्रीकांत पुरोहित को ब्रिगेडियर के पद पर प्रमोशन मिलने पर एनसीपी (एसपी) नेता अनिल देशमुख ने कहा कि कर्नल पुरोहित और साध्वी की एनआईए ने विस्तार से जांच की थी और वे कई सालों तक जांच के दायरे में रहे। उसके बाद दोनों बरी हो गए। यह जानकारी मिली है कि पुरोहित को भी प्रमोशन दिया गया है।

वहीं, एनसीपी (एसपी) के राष्ट्रीय प्रवक्ता नसीम सिद्दीकी ने कहा कि मालेगांव धमाका एक बहुत बड़ी घटना थी। जब यह धमाका हुआ था, तब मैं खुद महाराष्ट्र अल्पसंख्यक आयोग का अध्यक्ष था। साध्वी प्रज्ञा सिंह, कर्नल पुरोहित और उनके अन्य साथियों के नाम सामने आए थे। मेरा मानना ​​है कि अगर हेमंत करकरे की हत्या न हुई होती, अगर वह शहीद न हुए होते तो अब तक सब कुछ साफ हो गया होता।

मालेगांव धमाका मामले में बरी होने के बाद कर्नल श्रीकांत पुरोहित को ब्रिगेडियर के पद पर प्रमोशन मिलने पर समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक अबू आजमी ने कहा कि सरकार के पास बहुमत है, वह जो चाहे कर सकती है, लेकिन देश संविधान के अनुसार चलता है। कर्नल पुरोहित जेल में थे। उस मामले में सरकारी वकील ने एक बयान दिया था कि मुझ पर दबाव है कि मैं आरोपी के प्रति सहानुभूति दिखाऊं।

--आईएएनएस

एसडी/डीकेपी