☰
×

कोलंबो: 2026 श्रीलंका चीनी फिल्म महोत्सव का शुभारंभ

 

बीजिंग, 28 नवंबर (आईएएनएस)। 27 नवंबर को श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में 2026 श्रीलंका-चीन फिल्म महोत्सव का शुभारंभ हुआ। इस मौके पर चीन और श्रीलंका के सांस्कृतिक तथा फिल्म जगत से जुड़े प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। महोत्सव का उद्देश्य फिल्मों के जरिए दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक संवाद को बढ़ावा देना है। इस साल महोत्सव में कई बेहतरीन चीनी फिल्मों का प्रदर्शन किया जा रहा है, जो चीनी सिनेमा की विविधता को दर्शाती हैं।

गौरतलब है कि 2027 में चीन और श्रीलंका के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना की 70वीं वर्षगांठ मनाई जाएगी। ऐसे में यह फिल्म महोत्सव दोनों देशों के सांस्कृतिक आदान-प्रदान को एक नया आयाम देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उद्घाटन समारोह में श्रीलंका में चीन के राजदूत वेई हुआश्यांग ने कहा कि फिल्में राष्ट्रीय सीमाओं से परे जाकर लोगों के दिलों को जोड़ने का काम करती हैं। उन्होंने कहा कि चीन फिल्म आयात और मीडिया प्रसार जैसे क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच सहयोग और आदान-प्रदान को बढ़ावा देना चाहता है, ताकि अधिक से अधिक श्रीलंकाई लोग चीन की वास्तविक, विविध और व्यापक तस्वीर देख सकें।

वहीं, श्रीलंका राष्ट्रीय फिल्म कंपनी के अध्यक्ष सुदथ महादिवुलवेवा ने कहा कि श्रीलंका हमेशा से चीन के साथ सांस्कृतिक आदान-प्रदान को महत्व देता रहा है। फिल्म उद्योग में सहयोग दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने का एक अहम माध्यम है। उन्होंने कहा कि श्रीलंका फिल्म प्रदर्शन, शूटिंग के लिए लोकेशन उपलब्ध कराने और एक-दूसरे के अनुभवों से सीखने जैसे क्षेत्रों में चीन के साथ सहयोग बढ़ाना चाहता है।

इस मौके पर चीन के राष्ट्रीय फिल्म प्रशासन के कार्यकारी उपाध्यक्ष माओ यू ने कहा कि यह महोत्सव चीन और श्रीलंका के बीच फिल्म जगत में आदान-प्रदान तथा सहयोग के नए अवसर उपलब्ध कराता है। उन्होंने फिल्म निर्माण, फिल्म महोत्सवों और प्रतिभाओं के आदान-प्रदान जैसे क्षेत्रों में दोनों पक्षों के बीच सहयोग और बढ़ने की उम्मीद जताई।

महोत्सव के दौरान फिल्म 'डियर यू' की रचनात्मक टीम भी दर्शकों से रूबरू हुई। निर्देशक लान होंगछुन, कार्यकारी निर्माता लुओ चानहोंग और मुख्य अभिनेत्री वांग यानथोंग ने फिल्म के पीछे की प्रेरणा और अपने अनुभव साझा किए। यह फिल्म पारिवारिक प्रेम और यादों की एक भावुक, लेकिन सरल कहानी पेश करती है। इसमें पहाड़ों और समुद्रों से दूर रहने के बावजूद पीढ़ियों तक कायम रहने वाले रिश्तों को दिखाया गया है। साथ ही, यह चीनी समाज में पारिवारिक संबंधों को महत्व देने और एक-दूसरे की मदद करने की भावना को भी दर्शाती है।

119 मिनट की फिल्म स्क्रीनिंग के बाद स्थानीय दर्शकों ने उत्साहपूर्वक सवाल पूछे। उन्होंने पटकथा की सोच और पात्रों के विकास को लेकर फिल्म निर्माताओं के साथ विस्तार से चर्चा की। दर्शकों ने कहा कि फिल्म की सरल और सच्ची कहानी ने उन्हें गहराई से प्रभावित किया। इससे उन्हें चीनी संस्कृति और वहां के लोगों की भावनाओं को बेहतर ढंग से समझने का मौका मिला।

जानकारी के अनुसार, 2026 श्रीलंका-चीन फिल्म महोत्सव कोलंबो में 27 नवंबर से 2 दिसंबर तक आयोजित किया जा रहा है। इस आयोजन का उद्देश्य फिल्मों के जरिए सभ्यताओं के बीच संवाद का सेतु बनाना और चीन तथा श्रीलंका के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान, आपसी समझ और मित्रता को मजबूत करना है।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

--आईएएनएस

डीकेपी/