×

कोचिंग सेंटर में लगी भीषण आग, आधा दर्जन से ज्यादा दमकल की गाड़ियों ने पाया काबू

 

नोएडा, 4 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की आर्थिक राजधानी और 'शो विंडो' कहे जाने वाले नोएडा में आग की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इसी कड़ी में सेक्टर-4 स्थित एक निजी कोचिंग सेंटर में भीषण आग लगने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया।

यह घटना थाना फेस-1 क्षेत्र के अंतर्गत स्थित विद्यामंदिर क्लास कोचिंग सेंटर की है, जहां अचानक आग भड़क उठी और देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आग चार मंजिला कॉमर्शियल बिल्डिंग के प्रथम तल (फर्स्ट फ्लोर) पर लगी, जहां कोचिंग सेंटर संचालित होता है।

आग लगने के बाद बिल्डिंग में मौजूद अन्य ऑफिसों में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि घटना के समय कोचिंग सेंटर और अन्य कार्यालय बंद थे, जिसके चलते कोई भी छात्र या कर्मचारी वहां मौजूद नहीं था। इस वजह से एक बड़ा हादसा होने से टल गया और किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की करीब आधा दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की लपटें काफी तेज थीं, जिससे आसपास के क्षेत्र में धुएं का गुबार फैल गया और लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

फायर विभाग के अधिकारियों के अनुसार, आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इसकी पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी। घटनास्थल पर पुलिस और फायर विभाग के अधिकारी मौजूद रहे और स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखी गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं नोएडा में लगातार बढ़ रही हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो रहे हैं। खासकर कॉमर्शियल बिल्डिंग्स में फायर सेफ्टी मानकों के पालन को लेकर गंभीर चिंता जताई जा रही है।

--आईएएनएस

पीकेटी/डीकेपी