☰
×

सीएम योगी को नरसिंह अवतार में दिखाने पर भड़के अजय राय, पूछा- 10 साल में विकास क्यों नहीं किया

 

वाराणसी, 20 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अजय राय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि मां सबकी मां होती है और इस दुख की घड़ी में वह अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हैं। इस दौरान अजय राय ने क्रिकेट और राजनीति में कथित सांप्रदायिक ध्रुवीकरण को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने योगी आदित्यनाथ को भगवान नरसिंह के रूप में दिखाने वाले पोस्टरों पर भी सवाल उठाए। वहीं, 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर दावा किया कि कांग्रेस प्रदेश में सरकार बनाएगी।

अजय राय ने कहा कि भाजपा की सरकार आने के बाद से समाज को बांटने का काम किया जा रहा है। उन्होंने क्रिकेट का उदाहरण देते हुए कहा कि खेल में स्पोर्ट्समैन स्पिरिट सबसे महत्वपूर्ण होती है। खिलाड़ी जब मैदान में उतरता है तो वहां जाति, बिरादरी, वर्ग और धर्म का कोई भेद नहीं होता। सभी खिलाड़ी एक साथ मिलकर देश के लिए खेलते हैं और राष्ट्र की प्रतिष्ठा तथा सम्मान बढ़ाने का प्रयास करते हैं।

भारतीय क्रिकेट टीम के कोच गौतम गंभीर का नाम लेते हुए उनसे जुड़े वैचारिक प्रभाव पर सवाल किए जाने पर अजय राय ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि खेल की भावना देश और राष्ट्र के प्रति होती है। जिस तरह सेना के जवान मिलकर देश की रक्षा करते हैं, उसी तरह खिलाड़ी भी राष्ट्र के लिए खेलते हैं। खेल के मैदान में हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई, बौद्ध और जैन सभी एक साथ रहते हैं और देश का गौरव बढ़ाने के लिए काम करते हैं। यदि खेल में भी इस तरह का विभाजन दिखाई देता है तो यह दुर्भाग्यपूर्ण है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भगवान नरसिंह के रूप में दिखाने वाले पोस्टरों पर अजय राय ने भाजपा से सवाल किया कि दस साल तक सत्ता में रहने के दौरान विकास के काम क्यों नहीं किए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान लोगों को प्रताड़ित किया गया, फर्जी एनकाउंटर कराए गए और लोगों के घर गिराए गए। उन्होंने कहा कि चुन-चुनकर लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

अजय राय ने गोरखपुर में शिवम पांडे से जुड़े मामले का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि एक दरोगा ने उनसे जूता चटवाया और उन्हें अपमानित किया। उन्होंने सवाल किया कि यदि प्रदेश में योगिराज है तो इस तरह की घटनाएं कैसे हो रही हैं। उन्होंने इसे ब्राह्मण समाज से जुड़े व्यक्ति के सम्मान और न्याय का मुद्दा बताते हुए सरकार पर निशाना साधा।

प्रतापगढ़ में चल रही रामकथा और चंदौली में प्रस्तावित आयोजन को लेकर अजय राय ने कहा कि धार्मिक आयोजनों को धार्मिक भावनाओं के साथ ही किया जाना चाहिए। इन्हें राजनीति से नहीं जोड़ना चाहिए और न ही किसी को अपनी ताकत दिखाने का माध्यम बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भगवान राम मर्यादा पुरुषोत्तम हैं। लोगों को उनकी कथा सुननी चाहिए, उनके बताए रास्ते पर चलना चाहिए और मर्यादा तथा त्याग के मूल्यों का पालन करना चाहिए।

समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर पूछे गए सवाल पर अजय राय ने कहा कि बातचीत और प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश में मजबूती से सरकार बनाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश को लूटने, बर्बाद करने, लोगों के घर गिराने, फर्जी एनकाउंटर कराने, मस्जिद और मदरसे गिराने तथा राजनीतिक विरोधियों को चुन-चुनकर निशाना बनाने वालों के खिलाफ कांग्रेस की सरकार बनने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आगे कहा कि बुलडोजर उनके लिए भी तैयार रहेगा।

वाराणसी में कांग्रेस कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी, इस सवाल पर उन्होंने कहा कि इसका फैसला राष्ट्रीय नेतृत्व करेगा। उन्होंने 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव परिणामों का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस मजबूती के साथ खड़ी रही है। अजय राय ने कहा कि कार्यकर्ताओं का काम पार्टी को मजबूत करना और संगठन के साथ खड़े रहना है। उन्होंने खुद को पार्टी का कार्यकर्ता बताते हुए कहा कि वह लाठी लेकर भी संगठन के साथ खड़े हैं।

--आईएएनएस

पीएसके