नहीं रहीं सीएम योगी की मां सावित्री देवी, रक्षा मंत्री समेत कई राज्यों के सीएम ने व्यक्त की संवेदनाएं
नई दिल्ली, 20 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शुक्रवार को निधन हो गया। उन्होंने 91 वर्ष की आयु में उत्तराखंड के पौड़ी जिले के पंचूर गांव में अंतिम सांस ली। सीएम योगी की मां के निधन पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल समेत कई नेताओं ने दुख जाहिर किया है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ''उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी के स्वर्गवास का समाचार सुनकर मुझे दुख की अनुभूति हुई है। जीवन के किसी भी पड़ाव पर मां का साया उठ जाना सबसे बड़ा और असहनीय आघात होता है। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं योगी जी और समस्त परिवार के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि वे पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।''
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने एक्स पर लिखा, ''उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का निधन अत्यंत दुखद है। मां का जाना जीवन की ऐसी अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई कभी संभव नहीं। इस कठिन समय में मेरी गहरी संवेदनाएं योगी आदित्यनाथ एवं समस्त शोकाकुल परिवार के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत माता को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा योगी आदित्यनाथ एवं समस्त परिवारजनों को इस असीम दुख को सहन करने की शक्ति एवं संबल प्रदान करें।''
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने लिखा, ''उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी आज परलोकगमन सिधार गई, उनका जाना अत्यंत पीड़ादायक है। मां का साथ छूटना जीवन का सबसे कठिन क्षण है। ऐसे दुखद समय में, मैं योगी जी एवं सभी परिवारजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। बाबा विश्वनाथ पुण्यात्मा को शांति एवं परिजनों को ये आघात सहन करने की शक्ति प्रदान करें।''
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी की पूज्य माताजी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके साथ हैं। ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवारजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।"
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ''उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। मां का स्नेह, त्याग और उनके दिए संस्कार जीवन की सबसे अनमोल धरोहर होते हैं। उनका जाना पूरे परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके संस्कार और आशीर्वाद सदैव परिवार का मार्गदर्शन करते रहेंगे। बाबा केदारनाथ से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा योगी आदित्यनाथ सहित समस्त शोकाकुल परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति और संबल प्रदान करें।''
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने लिखा, ''उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। मां का जाना वह दुख है, जिसे शब्दों में व्यक्त कर पाना असंभव है। मां का स्थान जीवन में कोई नहीं ले सकता। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं मुख्यमंत्री जी एवं उनके समस्त परिवारजनों के साथ हैं। प्रभु श्रीराम जी दिवंगत को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिवार को यह असहनीय दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।''
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लिखा, ''उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। मां का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अमूल्य निधि है। उनका जाना एक ऐसी अपूरणीय क्षति है, जिसकी रिक्तता कभी नहीं भरी जा सकती। दुख की इस कठिन घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं समस्त शोकाकुल परिवार के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करें।''
--आईएएनएस
एसके/एबीएम