☰
×

केशव मौर्य के बयान पर कांग्रेस नेता उदित राज बोले-'सीएम योगी की चुनाव में होगी हार'

 

नई दिल्ली, 26 नवंबर (आईएएनएस)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बयान और उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के सीएम फेस वाले बयान पर कांग्रेस नेता उदित राज ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि सरकार में रहकर ही भारतीय जनता पार्टी धरना-प्रदर्शन और पदयात्रा कर रही है जबकि केशव मौर्य के बयान से साफ हो गया है कि इस बार चुनाव के बाद सीएम योगी का पत्ता साफ है। साथ ही उन्होंने संविधान की रक्षा के लिए सभी को एकजुट होकर लड़ने की अपील की।

राजनाथ सिंह ने कहा था कि सरकार केवल वोट से बदलेगी, हिंसा और अराजकता से नहीं। इस पर कांग्रेस नेता उदित राज ने कहा, "हिंसा तो ये खुद कर रहे हैं। सरकार में रहकर धरना-प्रदर्शन के साथ ही पदयात्रा निकाल रहे हैं। आज तक तो मैंने नहीं देखा कि जनता जिन्हें चुनकर सरकार में भेजे, वे सरकार के काम गिनाने के बजाय खुद ही प्रदर्शन करते फिरें या यात्राएं निकालें। "

यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के भाजपा के सीएम फेस को लेकर दिए बयान पर उदित राज ने कहा कि इसका मतलब है कि सीएम योगी की छुट्टी हो रही है। अब वे बताएं कि मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार कौन है। ये स्पष्ट हो गया है कि इस बार चुनाव के बाद सीएम योगी का पत्ता साफ है।

कांग्रेस-सपा सीट शेयरिंग को लेकर उन्होंने कहा कि बैठकों का दौर चलता रहता है, चलने दीजिए। समझौता हो जाएगा, चिंता करने की बात नहीं है। सभी चाहते हैं कि उन्हें ज्यादा मिले, कौन नहीं चाहता लेकिन आज देश के सामने जो चुनौती है, वह संविधान की रक्षा की है। आज संविधान दिवस है। यदि संविधान खतरे में है, तो उसे बचाने के लिए सभी को एकजुट होकर लड़ना होगा।

सीएम योगी के वोट कटने वाले बयान पर कांग्रेस नेता उदित राज ने कहा कि जब मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि धर्म के आधार पर उनके पास कोई डेटा नहीं है और जब चुनाव आयोग की वेबसाइट पर भी ऐसा कोई डेटा नहीं है, तो सीएम योगी आदित्यनाथ को यह डेटा कहां से मिल गया? हैरानी की बात है। कभी-कभी वे ऐसी बातें बोलते हैं जो मुख्यमंत्री जैसे पद की गरिमा के अनुरूप नहीं लगती। ऐसा लगता है जैसे कोई गैर-जिम्मेदाराना बयान दिया जा रहा हो। इस तरह की बातें लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा को नुकसान पहुंचाती हैं।

पंजाब के मोगा में आप की रैली को लेकर उन्होंने कहा कि वे कौन सा रिपोर्ट कार्ड पेश करेंगे? यही कि वहां अपराध बढ़ा है, नशा बढ़ा है और भ्रष्टाचार बढ़ा है। शायद उनके रिपोर्ट कार्ड में यही बातें ज्यादा दिखाई देंगी क्योंकि ऐसा कोई बड़ा विकास तो नहीं हुआ।

--आईएएनएस

केके/पीएम