सीएम योगी का टीएमसी पर निशाना, तुष्टिकरण, माफियाराज और कट मनी की राजनीति का बताया प्रतीक
पूर्वी मेदिनीपुर, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पश्चिम बंगाल में चुनावी जनसभाओं के दौरान सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए इसे 'तुष्टिकरण, माफियाराज और कट मनी' की राजनीति का प्रतीक बताया। उन्होंने राज्य की कानून-व्यवस्था, सांस्कृतिक पहचान और विकास पर सवाल उठाते हुए परिवर्तन का आह्वान किया।
पश्चिम बंगाल के नंदकुमार और कांथी दक्षिण विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने तृणमूल कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज टीएमसी का मतलब “तुष्टिकरण, माफियाराज और कट मनी” बन गया है, जिसने राज्य की विकास यात्रा को बाधित किया है। टीएमसी के ‘मां-माटी-मानुष’ नारे पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान में बंगाल में “मां असुरक्षित, माटी घुसपैठियों के कब्जे में और मानुष भयभीत” है।
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य तुष्टिकरण, लूट, अराजकता और राजनीतिक हिंसा जैसी चुनौतियों से जूझ रहा है। मुख्यमंत्री ने बंगाल की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए स्वामी विवेकानंद, सुभाष चंद्र बोस, रवीन्द्रनाथ ठाकुर और बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय जैसे महापुरुषों को याद किया। उन्होंने कहा कि यही भूमि कभी देश को दिशा देने वाली रही है, लेकिन अब इसकी पहचान संकट में है।
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में डेमोग्राफी बदलने के प्रयास हो रहे हैं और अवैध घुसपैठ को बढ़ावा दिया जा रहा है। मालदा, मुर्शिदाबाद, उत्तर दिनाजपुर, नादिया, बीरभूम और हावड़ा जैसे जिलों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सामाजिक संतुलन बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर उत्तर प्रदेश का उदाहरण देते हुए कहा कि 2017 से पहले वहां भी अराजकता और दंगों की स्थिति थी, लेकिन नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 'डबल इंजन सरकार' बनने के बाद हालात बदले और अब प्रदेश दंगा व कर्फ्यू मुक्त है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में माफिया और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है और 'बुलडोजर' अवैध गतिविधियों के खिलाफ प्रभावी प्रतीक बनकर उभरा है। उन्होंने दावा किया कि इसी मॉडल को बंगाल में भी लागू किया जा सकता है।
सीएम योगी ने कोलकाता के मेयर के कथित बयान का जिक्र करते हुए कहा कि 'बंगाल की जनता उर्दू नहीं, बांग्ला बोलेगी' और राज्य की सांस्कृतिक पहचान के साथ किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार रामनवमी जैसे आयोजनों में बाधा डालती है और अवैध घुसपैठ के मुद्दे पर प्रभावी कार्रवाई नहीं करती। साथ ही उन्होंने बांग्लादेश में हिंदुओं पर कथित अत्याचार के मुद्दे पर राज्य सरकार की चुप्पी पर भी सवाल उठाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी 'कल्चरल कैपिटल' के रूप में पहचान रखने वाला बंगाल अब 'क्राइम कैपिटल' बनता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा भेजी गई विकास योजनाओं की राशि का दुरुपयोग हो रहा है और उद्योगों का पलायन जारी है। उन्होंने भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में वोट की अपील करते हुए कहा कि बंगाल को उसकी सांस्कृतिक पहचान, सुरक्षा और विकास के मार्ग पर वापस लाने के लिए परिवर्तन जरूरी है।
अंत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जिस दिन पूरा देश एकजुट होकर आगे बढ़ेगा, भारत विरोधी ताकतें कमजोर होंगी और विकास व सुशासन का नया अध्याय शुरू होगा।
--आईएएनएस
विकेटी/डीकेपी