सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सभी भर्तियां पूरी तरह पारदर्शी तरीके से हुई : सुरेश खन्ना
लखनऊ, 6 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री सुरेश खन्ना ने योगी सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार में सभी भर्तियां पूरी तरह पारदर्शी तरीके से हुईं।
मंत्री सुरेश खन्ना का यह बयान राज्य पुलिस बल में सब-इंस्पेक्टर (दरोगा) के पदों के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र बांटे जाने के बाद आया है।
मीडिया से बातचीत के दौरान मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि जब से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पद की शपथ ली है, तब से राज्य ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से प्रगति की है। उत्तर प्रदेश में भर्तियां पूरी पारदर्शिता के साथ की जा रही हैं। सभी भर्तियां पूरी तरह पारदर्शी तरीके से, केवल योग्यता (मेरिट) के आधार पर की जा रही हैं। इनमें किसी तरह का पक्षपात या बाहरी सिफारिश नहीं चलती। अब तक लगभग 9,50,000 लोगों को प्रतियोगी परीक्षाओं के जरिए सरकारी नौकरियां मिल चुकी हैं। इसके अलावा, 1,00,000 लोगों को नियुक्ति पत्र बांटे जा रहे हैं। यह प्रक्रिया अब तक छह चरणों में पूरी हो चुकी है और यह सातवां चरण है। आज लगभग 4,500 लोगों को नियुक्ति पत्र दिए गए।
दूसरी ओर, भाजपा नेता नंद किशोर गुर्जर ने जेनजी का जिक्र करते हुए कहा कि इसकी अवधारणा को सबसे पहले भारत में कौन लाया? भारत के युवा स्वामी विवेकानंद को देखते हैं और भारतीय जनता पार्टी और पीएम मोदी के साथ खड़े हैं। भाजपा की पदयात्रा से बड़ी संख्या में जेनजी जुड़े।
उन्होंने कहा कि हरियाणा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा के रूप में एक ऐसी ही ऐतिहासिक रैली आयोजित की गई थी। वहीं, दूसरी ओर हमें उम्मीद थी कि गाजियाबाद में लगभग 30,000 से 35,000 लोग आएंगे, लेकिन पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों समेत लाखों लोग उमड़ पड़े, जिससे सड़कें भर गईं। पूरे देश की जनता ने विपक्ष को करारा जवाब दिया है। राहुल गांधी को अब नींद नहीं आएगी, वे जल्द ही विदेश भाग जाएंगे।
--आईएएनएस
डीकेएम/एबीएम