सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इंदिरा गांधी को किया याद, मंडी हादसे पर जताया शोक
धर्मशाला, 19 नवंबर (आईएएनएस)। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गुरुवार को इंदिरा गांधी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मंडी हादसे पर शोक व्यक्त किया और राज्य के अस्पतालों में गुणवत्तापूर्ण दवाएं सुनिश्चित करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया।
धर्मशाला के तपोवन विधानसभा परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा, "आज पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती है। उन्होंने 16 वर्षों तक देश की प्रधानमंत्री के रूप में कार्य किया, जो उन्हें सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले प्रधानमंत्रियों में से एक बनाता है। देश उनके फैसलों और योगदान को याद करता है। उन्होंने राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए अपने प्राणों का बलिदान दे दिया। 1971 में बांग्लादेश के निर्माण में उनके फैसलों ने अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने पूर्व राजाओं को मिलने वाले 'प्रिवी पर्स' (शाही भत्ते) को भी खत्म किया और 'लैंड सीलिंग एक्ट' (भूमि सीमा कानून) लागू किया।"
वहीं, मंडी में हुए दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि हादसे में अपनों को खोने वाले परिवारों का दुख शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। सरकार इस मुश्किल घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और नियमानुसार आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी। बता दें कि मंडी जिले में एक कार गहरी खाई में गिर गई थी। इस हादसे में कार सवार छह युवकों की मौत हो गई थी। हादसा जोगिंदरनगर उपमंडल के लडभड़ोल इलाके में हुआ था।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने प्रदेश में दवाइयों की गुणवत्ता को लेकर भी सरकार का रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल के अस्पतालों में मरीजों को बेहतर गुणवत्ता वाली दवाइयां उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। सरकार चाहती है कि दवाइयों की सप्लाई के लिए 500 करोड़ रुपये टर्नओवर वाली कंपनियों की शर्त लागू हो लेकिन छोटे वेंडरों के हाईकोर्ट जाने के बाद इस मामले में स्टे लगा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य सिर्फ इतना है कि प्रदेश के लोगों को अच्छी और गुणवत्तापूर्ण दवाइयां मिलें।
--आईएएनएस
ओपी/पीएम