☰
×

सीएम सम्राट चौधरी के बयान पर सियासी विवाद, तेजस्वी और रोहिणी ने कसा तंज

 

पटना, 3 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के राज्य में अपराध और क्राइम वाले बयान पर सियासी विवाद शुरू हो गया है। दिल्ली दौरे के दौरान दिए गए इस बयान को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव और रोहिणी आचार्य ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधा है। दोनों नेताओं ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर उनके बयान पर तंज कसा है।

सीएम सम्राट चौधरी ने सोमवार को दिल्ली में बिहार सरकार और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर कार्यक्रम में हिस्सा लिया। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की मौजूदगी में हुए इस कार्यक्रम में बिहार सरकार की ओर से ‘नदी संजीवनी’ पहल को लेकर समझौता किया गया। इस पहल के तहत नदियों से गाद निकालकर उनकी जलधारण क्षमता बढ़ाने और निकाली गई गाद का उपयोग राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण में करने की योजना है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बिहार की कानून-व्यवस्था को लेकर कहा, “बिहार में अपराध नहीं है। अपराध का कॉन्सेप्ट ही खत्म हो गया है। क्राइम हो सकते हैं, लेकिन अपराध नहीं। कोई अपराधी नहीं।” उनके इस बयान का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाएं आने लगीं। विपक्ष ने इसे राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति से जोड़ते हुए सरकार पर सवाल उठाए। अपराध और क्राइम को अलग-अलग देखने को लेकर विपक्ष तंज कस रहा है।

राजद नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री के बयान का वीडियो साझा करते हुए 'एक्स' पर लिखा, “बिहार में ‘क्राइम' हो सकता है, ‘अपराध’ नहीं।” तेजस्वी ने अपनी पोस्ट में मुख्यमंत्री पर कई गंभीर आरोप भी लगाए। उन्होंने भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) और भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारियों को लेकर सवाल किया कि वे मुख्यमंत्री के साथ मंच साझा करने पर खुद को सम्मानित महसूस कर रहे हैं या अपमानित। उन्होंने मुख्यमंत्री के नेतृत्व पर भी सवाल उठाए।

वहीं, रोहिणी आचार्य ने भी एक्स पर पोस्ट कर मुख्यमंत्री के बयान पर तंज कसा। उन्होंने लिखा, “बिहार में अपराध नहीं है, क्राइम है।” उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री का यह ज्ञान सुनकर अपराधी भी हैरान हैं। रोहिणी ने इसे सुशासन का नया मॉडल बताते हुए कहा कि हिंदी में अपराध नहीं है, लेकिन अंग्रेजी में क्राइम बेशुमार है। रोहिणी ने मुख्यमंत्री के बयान पर कटाक्ष करते हुए उनकी भाषा और ज्ञान को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अनपढ़ नहीं, बल्कि ‘इल्लिटरेट’ हैं।

--आईएएनएस

एमएनपी/डीकेपी