सीएम रेखा गुप्ता ने सोमनाथ स्वाभिमान पर्व पर दी शुभकामनाएं, कहा-यह सांस्कृतिक पुनर्जागरण का प्रतीक
नई दिल्ली, 11 मई (आईएएनएस)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अवसर पर एक भावनात्मक संदेश साझा करते हुए देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सोमनाथ पुनर्निर्माण के 75 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होने के इस पावन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गरिमामयी उपस्थिति में पूरा राष्ट्र इस ऐतिहासिक पर्व को मना रहा है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "सोमनाथ पुनर्निर्माण के 75 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होने के पावन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गरिमामयी उपस्थिति में आज सम्पूर्ण राष्ट्र सोमनाथ स्वाभिमान पर्व मना रहा है। इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री ने श्री सोमनाथ मंदिर में पूर्ण विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना एवं जलाभिषेक किया। यह केवल एक मंदिर के पुनर्निर्माण की यात्रा नहीं, बल्कि भारत की सनातन चेतना, सांस्कृतिक स्वाभिमान और राष्ट्रीय आत्मगौरव के पुनर्जागरण का अमर प्रतीक है।"
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस ऐतिहासिक अवसर के लाइव प्रसारण में सम्मिलित हुई और चांदनी चौक स्थित प्राचीन गौरी शंकर मंदिर में पूजा-अर्चना एवं जलाभिषेक कर देवाधिदेव महादेव से समस्त देशवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की प्रार्थना की। सोमनाथ केवल एक मंदिर नहीं, बल्कि भारत की अखंड आस्था और आध्यात्मिक शक्ति का प्रतीक है। अनगिनत आक्रमणों और विध्वंसों के बाद भी सोमनाथ का पुनर्निर्माण यह संदेश देता है कि भारत की संस्कृति, श्रद्धा और सनातन चेतना शाश्वत है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आज भारत 'विकास भी, विरासत भी' के मंत्र के साथ अपनी सांस्कृतिक पहचान को नए वैभव के साथ पुनर्प्रतिष्ठित कर रहा है। काशी विश्वनाथ से केदारनाथ और महाकाल लोक से सोमनाथ तक, यह कालखंड भारत की सांस्कृतिक चेतना के पुनर्जागरण का साक्षी बन रहा है।
--आईएएनएस
पीआईएम/वीसी