सीएम रेखा गुप्ता ने दिल्ली से 1400 श्रद्धालुओं को सोमनाथ ले जा रही ट्रेन को दिखाई हरी झंडी
नई दिल्ली, 30 अप्रैल (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुरुवार को 'सोमनाथ स्वाभिमान पर्व-सोमनाथ यात्रा' का भव्य शुभारंभ हुआ, जहां मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने श्रद्धालुओं से भरी विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर गुजरात स्थित सोमनाथ मंदिर के लिए रवाना किया।
इस मौके पर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में आस्था, संस्कृति और गर्व का माहौल देखने को मिला।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, "यह उत्सव केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि हजार साल की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक यात्रा का प्रतीक है। अनेक आक्रमणों के बावजूद हमारी आस्था अडिग रही और आज हम गर्व के साथ यहां खड़े हैं।"
उन्होंने प्रधानमंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि देश में सांस्कृतिक जागरण का यह दौर प्रेरणादायक है। सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि दिल्ली से लगभग 1,400 श्रद्धालुओं को लेकर एक विशेष ट्रेन सोमनाथ के लिए रवाना की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह हमारे लिए गर्व की बात है कि इतने बड़े स्तर पर श्रद्धालु दर्शन के लिए जा रहे हैं। अगर किसी को तीर्थ यात्रा करनी है तो दिल्ली सरकार उनके साथ खड़ी है। रेखा गुप्ता ने यह भी स्पष्ट किया कि यात्रियों के खाने, पीने और ठहरने की पूरी व्यवस्था दिल्ली सरकार की ओर से की गई है।
दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा ने भी यात्रा को लेकर खुशी जताई। उन्होंने कहा, "दिल्ली से 1,400 से ज्यादा लोग इस यात्रा पर जा रहे हैं और उनके लिए बहुत अच्छी व्यवस्था की गई है। यह यात्रा बेहद व्यवस्थित और सुरक्षित है।"
कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक झलक भी देखने को मिली। भगवान शंकर की भूमिका निभाने वाले एक कलाकार ने कहा, "मेरी कामना है कि सभी की यात्रा मंगलमय हो। यह बहुत अच्छी पहल है और ट्रेन की व्यवस्था भी शानदार है। इसके लिए दिल्ली सरकार धन्यवाद की पात्र है।"
वहीं माता पार्वती की भूमिका निभाने वाली कलाकार ने भी सभी श्रद्धालुओं के लिए शुभकामनाएं दीं और यात्रा को मंगलमय बताया।
यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं में भी खासा उत्साह नजर आया। एक श्रद्धालु ने आईएएनएस से कहा, "हम सोमनाथ यात्रा पर जा रहे हैं और यहां की सुविधाएं बहुत अच्छी हैं। मैंने अपनी जिंदगी में पहली बार इतनी शानदार व्यवस्था देखी है। ट्रेन पूरी तरह सुविधाओं से लैस है और सब कुछ बहुत अच्छे से व्यवस्थित है।"
एक अन्य श्रद्धालु ने कहा, "यह खुशी की बात है कि सरकार हमारी भारतीय संस्कृति को बढ़ावा दे रही है। जो संस्कृति कभी दबा दी गई थी, आज उसे दुनिया के सामने लाया जा रहा है। यह हमारा सौभाग्य है कि इतनी बड़ी यात्रा का आयोजन हुआ है और रेखा गुप्ता, सरकार की व्यवस्थाएं बेहद अच्छी है।"
--आईएएनएस
वीकेयू/वीसी