भागलपुर में बोले सीएम नीतीश कुमार, बिहार को विकसित राज्यों में शामिल कराना सरकार का लक्ष्य
भागलपुर, 17 मार्च (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंगलवार को अपनी समृद्धि यात्रा के तहत भागलपुर पहुंचे, जहां उन्होंने जिले के लिए 442 करोड़ रुपए की लागत से 144 विकासात्मक योजनाओं का रिमोट के जरिये उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।
इनमें 171 करोड़ रुपए की लागत से 88 योजनाओं का उद्घाटन तथा 271 करोड़ रुपए की लागत से 56 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री ने समृद्धि यात्रा के दौरान भागलपुर जिले में चल रही विकास योजनाओं की समीक्षा भी की।
जगदीशपुर प्रखंड के ग्राम पंचायत बैजानी के प्रांगण में जिले से संबंधित विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने प्रगति यात्रा के दौरान घोषित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली। समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने अपनी प्रगति यात्रा से संबंधित योजनाओं की स्वीकृत योजनाओं को तीव्र गति से पूरा करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य है कि सभी लोगों का सम्मान हो एवं उनका जीवन यापन आसान हो। मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ योजनाओं को क्रियान्वित करने का निर्देश देते हुए कहा कि बिहार को देश के सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल करवाना सरकार का लक्ष्य है।
मुख्यमंत्री ने कहा, "हमारी सरकार ने अगले पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को नौकरी एवं रोजगार देने का लक्ष्य रखा है। राज्य में उद्योग लगाने और स्वरोजगार करने वालों को कई प्रकार की सुविधाएं देकर सरकार उन्हें प्रोत्साहित कर रही है। बिहार में उद्योग लगाने के लिए उद्यमियों को विशेष आर्थिक पैकेज दिया जा रहा है, जिससे राज्य में उद्योग लगाने वाले उद्यमियों को काफी मदद मिलेगी। उद्योग लगाने के लिए सभी जिलों में सुविधाएं दी जा रही हैं।"
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य है कि बिहार में उद्योगों को और ज्यादा बढ़ावा मिले और युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार मिल सके। प्रदेश में स्टार्टअप नीति बनाई गई है ताकि युवा अपना रोजगार शुरू कर सकें। हमारे राज्य के युवा दक्ष और सक्षम हों, इसके लिए हम लोग कार्य कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने इस यात्रा के दौरान कई योजनाओं का निरीक्षण भी किया और जन संवाद कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। समीक्षा बैठक के दौरान भागलपुर के जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने प्रगति यात्रा से संबंधित योजनाओं, सात निश्चय-2 तथा सात निश्चय-3 की योजनाओं के विषय में मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी।
समीक्षा बैठक में उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, उद्योग सह पथ निर्माण मंत्री एवं भागलपुर जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप कुमार जायसवाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
--आईएएनएस
एमएनपी/डीके