×

सीएम रेखा गुप्ता ने संभावित अनियमितता पर तुरंत जांच के आदेश दिए : हर्ष मल्होत्रा

 

नई दिल्ली, 1 जुलाई (आईएएनएस)। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने 650 करोड़ रुपये के कथित घोटाले को लेकर आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज के आरोपों पर पलटवार किया।

उन्होंने बुधवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि दिल्ली सरकार के इतिहास में शायद पहली बार ऐसा हुआ है कि किसी मुख्यमंत्री ने संभावित अनियमितता का संज्ञान लेते हुए स्वयं एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) से जांच कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सवाल किया कि अब तक किस मुख्यमंत्री ने ऐसा कदम उठाया है?

हर्ष मल्होत्रा ने पूर्ववर्ती आम आदमी पार्टी सरकार पर भी निशाना साधते हुए दावा किया कि पिछले 10 वर्षों के दौरान सत्ता में रही सरकार भ्रष्टाचार में लिप्त थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौरान भ्रष्टाचार के मामलों में किसी तरह की सख्ती नहीं बरती गई, जबकि मौजूदा सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रशासन अपने निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं के अनुसार कार्य करता है। उनके अनुसार, भाजपा की सरकार केंद्र और दिल्ली, दोनों स्तरों पर भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाए हुए है और इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

सौरभ भारद्वाज पर निशाना साधते हुए हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि वह अलग-अलग आंकड़े पेश कर रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि जब एसीबी की जांच अभी शुरू हुई है, तब ये आंकड़े कहां से आ रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कहीं ऐसा तो नहीं कि उनका नेटवर्क मामले से जुड़े लोगों के संपर्क में हो।

हर्ष मल्होत्रा ने दावा किया कि पूर्ववर्ती आप सरकार के कार्यकाल में विभिन्न विभागों में कई बड़े भ्रष्टाचार हुए। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, वैसे-वैसे कथित रूप से भ्रष्टाचार में संलिप्त अधिकारियों के नाम भी सामने आएंगे। उन्होंने कहा कि यदि कोई भी व्यक्ति भ्रष्टाचार में लिप्त पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दोहराया कि भाजपा सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करती है।

--आईएएनएस

एसएचके/एएस