सीएम मोहन यादव पर लगे आरोपों को लेकर कांग्रेस ने साधा निशाना, कहा-जमीन के सौदों में मची है लूट
नई दिल्ली, 24 जून (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव पर जमीन से जुड़े आरोपों को लेकर विपक्षी नेताओं की प्रतिक्रिया सामने आई है। मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि अगर भारतीय जनता पार्टी 30 घंटे के अंदर इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं देती है, तो इसका मतलब है कि भाजपा यह कहना चाहती है कि जो रिपोर्ट सामने आई है, वह झूठी है। ऐसे में उन्हें उस मीडिया हाउस के खिलाफ एफआईआर दर्ज करानी चाहिए, जिसने यह रिपोर्ट सार्वजनिक की है। जब देशभर में मीडिया में ऐसी चर्चाएं हो रही हों और मध्य प्रदेश में सोशल मीडिया पर इसकी बाढ़ आ गई हो, तब अगर आप देश और राज्य को जवाब नहीं देते हैं, तो सवाल उठना स्वाभाविक है।
सीएम मोहन यादव पर लगे आरोपों पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा, "मुख्यमंत्री बनने से पहले ही आपके परिवार ने सैकड़ों एकड़ जमीन खरीद ली थी। आप दिसंबर 2023 में मुख्यमंत्री बने; तारीख 13 दिसंबर थी। उससे पहले और उसके बाद खरीदी गई जमीन को देखकर ऐसा लगता है कि यह सब परिवार के फायदे के लिए किया जा रहा है, जमीन के सौदे हो रहे हैं और लूट मची है।
पवन खेड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री बनने के बाद, उनके परिवार ने उस इलाके में 168 एकड़ में से 111 एकड़ जमीन खरीदी, जहां महाकुंभ होने वाला है। यह जानकारी उन्हें पहले से ही थी। स्टॉक मार्केट की भाषा में इसे 'इनसाइडर ट्रेडिंग' कहते हैं। यह इनसाइडर ट्रेडिंग है क्योंकि आपके पास पहले से जानकारी थी। आप लगातार अपनी जमीन की होल्डिंग बढ़ा रहे हैं और अपना जमीन का बैंक बना रहे हैं।
कांग्रेस नेता सुरेंद्र राजपूत ने कहा कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री भू-माफिया हैं या सीएम हैं या भाजपा में भू-माफिया होना एक मात्र आहर्ता होती है। जितनी भ्रष्ट मध्य प्रदेश की सरकार है, उतना ही भ्रष्ट सीएम हैं। यह स्पष्ट हो गया है कि भाजपा के लोग रामद्रोही और शिवद्रोही हैं। अयोध्या से लेकर महाकाल की नगरी तक सिर्फ भ्रष्टाचार ही भ्रष्टाचार है। धर्म के नाम पर धंधा किया जाता है और धर्म के नाम पर चंदा चोरी की जाती है। जो किसानों को फायदा हो सकता था, अब उन सड़कों पर मोहन यादव फायदा लेंगे। कांग्रेस नेता सुरेंद्र राजपूत ने आगे कहा कि मोहन यादव महंगे दामों में जमीन बेचकर फायदा लेंगे।
सीपीआई(एम) नेता हन्नान मोल्लाह ने कहा कि भाजपा के राज में विकसित भारत का मतलब नेता का विकास है। भाजपा नेता की ओर से राज्य में इस तरह की लूट मची है और खुद के परिवार का विकास किया जा रहा है। इससे पहले शिवराज सिंह चौहान के शासनकाल में करोड़ों रुपए का घोटाला किया गया था। अब नए मुख्यमंत्री की ओर से भी शुरू कर दिया गया। 300 से ज्यादा प्लाटों को खरीदकर करोड़ों रुपए परिवार में बांटे गए। यह विकास का नया चित्र है।
--आईएएनएस
एसडी/पीएम