मुख्यमंत्री ने डबल लेयर फ्लाईओवर का किया लोकार्पण, बोले- इंदौर और विकास एक-दूसरे के पर्याय
इंदौर, 23 जुलाई (आईएएनएस )। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इंदौर में राज्य के पहले डबल लेयर फ्लाईओवर ब्रिज की एक भुजा का लोकार्पण करते हुए कहा कि इंदौर और विकास एक-दूसरे के पर्याय हैं।
मुख्यमंत्री यादव ने लवकुश चौराहा पर 175 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित डबल लेयर फ्लाईओवर ब्रिज को आधुनिक तकनीक और उन्नत इंजीनियरिंग का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। साथ ही कहा कि इंदौर और विकास एक दूसरे के पर्याय है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश एवं प्रदेश चहुंमुखी विकास हो रहा है।
सीएम यादव ने कहा कि सिहंस्थ-2028 को ध्यान में रखते हुए यह फ्लाईओवर इंदौर-उज्जैन मार्ग पर बढ़ते यातायात के सुगम संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगा। इससे यात्रा समय में कमी, ईंधन की बचत, यातायात जाम में राहत तथा नागरिकों को सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी।
उन्होंने कहा कि इस परियोजना की सबसे प्रमुख विशेषता इसका त्रिस्तरीय यातायात व्यवस्था होना है। प्रथम स्तर पर लवकुश चौराहे का सामान्य यातायात, द्वितीय स्तर पर वर्तमान फ्लाईओवर एवं मेट्रो रेल कॉरिडोर तथा तृतीय स्तर पर नया डबल लेयर फ्लायओवर है। इससे चौराहे पर यातायात का दबाव कम होगा तथा निर्बाध आवागमन सुनिश्चित होगा।
सीएम ने कहा कि डबल लेयर फ्लाईओवर ब्रिज की एक भुजा के शुरू हो जाने के बाद अरविंदो से बाणगंगा की ओर जाने वाला यातायात प्रारंभ होगा। आगामी दिनों में इस फ्लाईओवर की दूसरी भुजा भी बनकर तैयार हो जायेगी, जिसका निर्माण कार्य अंतिम चरण में है।
--आईएएनएस
एसएनपी/एएसएच