×

सीएम मोहन यादव की राज्यपाल से भेंट, सरकार की नीतियों और योजनाओं की दी जानकारी

 

भोपाल, 11 अगस्त (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मंगलवार को राज्यपाल मंगुभाई पटेल से मुलाकात की। इसकी जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए दी। सीएम मोहन यादव ने बताया कि राज्यपाल से मुलाकात के दौरान राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे अभियान और योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी।

सीएम मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ''आज लोक भवन, भोपाल में राज्यपाल मंगुभाई पटेल से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्हें समान नागरिक संहिता, हर घर तिरंगा अभियान एवं आगामी स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों और विकासात्मक कार्यों के निर्णयों से अवगत कराया।''

राज्यपाल से मुलाकात के बाद सीएम मोहन यादव ने संवाददाताओं से चर्चा करते हुए कहा कि मुलाकात के दौरान राज्यपाल को विधानसभा में पारित किए गए समान नागरिक संहिता विधेयक की प्रत्यक्ष रूप से जानकारी दी गई। राज्य में चलाए जा रहे तिरंगा अभियान के साथ ही विकास परक योजनाओं से भी राज्यपाल को अवगत कराया गया।

राज्य के कई हिस्सों में अच्छी वर्षा नहीं हुई है और कई जिलों में काफी कम वर्षा होना भी चिंता का विषय बना हुआ है। इसको लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यपाल को राज्य की वर्षा की स्थिति और अलनीनो की वजह से 15 प्रतिशत कम वर्षा हुई है, इससे भी राज्यपाल को अवगत कराया गया।

उन्होंने बताया कि राज्यपाल ने विधानसभा में समान नागरिक संहिता विधेयक सहित अन्य विधेयकों के पारित किए जाने पर प्रसन्नता जाहिर की है और आने वाले स्वतंत्रता दिवस की मौके पर होने वाले कार्यक्रमों की भी जानकारी दी। साथ ही राज्य में चल रहे भर्ती और कर्मचारियों की पदोन्नति की उपलब्धि से भी उन्हें अवगत कराया गया।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर आरोप लगाया है कि वह झूठ बोलकर माहौल बनाने की कोशिश करते हैं। इससे नेता प्रतिपक्ष का कद भी कम होता है और संसद की कार्यवाही बाधित होती है, इसलिए राहुल गांधी अपने पद की गरिमा का ध्यान रखें।

--आईएएनएस

एसके/