×

सीएम मान, केजरीवाल और सिसोदिया ने श्री श्री रविशंकर से की मुलाकात, आर्ट ऑफ लिविंग के 45 साल पूरे होने पर दी बधाई

 

नई दिल्ली, 30 अगस्त (आईएएनएस)। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया ने बेंगलुरु स्थित आर्ट ऑफ लिविंग आश्रम में आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर से मुलाकात की।

इस मुलाकात की जानकारी श्री श्री रविशंकर और सीएम भगवंत मान दोनों ने एक्स पर पोस्ट के जरिए दी।

श्री श्री रविशंकर ने अपने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया आर्ट ऑफ लिविंग के 45वें वर्ष पर शुभकामनाएं देने के लिए बेंगलुरु आश्रम आए। उन्होंने किसानों और नशामुक्ति का समर्थन करने वाली इसकी पहलों की भी सराहना की।"

वहीं, सीएम भगवंत मान ने अपने पोस्ट में कहा, "आज बेंगलुरु में 'आर्ट ऑफ लिविंग' आश्रम में आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर जी से मुलाकात की। इस दौरान आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया के साथ गुरुदेव जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। सामाजिक कल्याण, शिक्षा, मानसिक शांति और भाईचारे को और मजबूत करने को लेकर चर्चा हुई। पंजाब सहित पूरे देश की प्रगति, समृद्धि और शांति की कामना है। इंकलाब जिंदाबाद!"

बता दें कि आर्ट ऑफ लिविंग संस्था अपने सेवा कार्यों के जरिए समाज के दो सबसे अहम वर्गों, नशे से जूझ रहे युवाओं और देश के अन्नदाता किसानों के जीवन में बदलाव ला रही है।

रिपोर्ट के मुताबिक, आर्ट ऑफ लिविंग ने अब तक करीब 25,000 से अधिक लोगों को नशे के जाल से बाहर निकाला है और देशव्यापी अभियानों के जरिए लाखों युवाओं को जागरूक किया है। संस्था शराब, ड्रग्स, सिगरेट और तंबाकू की लत छुड़ाने के लिए विशेष वेलनेस प्रोग्राम चलाती है, जिसमें मेडिकल डिटॉक्सीफिकेशन और थेरेपी शामिल हैं।

--आईएएनएस

वीकेयू/एएस