☰
×

'कौन बनेगा सीएम, दिल्ली के नंबर दो से पूछें', सीएम योगी के 320 सीटों के दावे पर पवन खेड़ा का तंज

 

नई दिल्ली, 18 नवंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने बुधवार को दिल्ली में कई मुद्दों पर भाजपा और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तीखा पलटवार किया। उन्होंने सीएम योगी के 'भाजपा उत्तर प्रदेश में 320 सीटें जीतेगी' बयान पर तंज कसते हुए कहा कि यह तो 100 सीटें कम हैं। 320 कैसे हो सकती हैं, 420 होनी चाहिए थीं। क्या हुआ?

पवन खेड़ा ने कहा कि वे सीएम योगी को पहले से ही बधाई देते हैं, लेकिन मुख्यमंत्री कौन बनेगा। उनसे कहिए कि दिल्ली में नंबर दो से पूछ लें। वे नंबर दो पर हिंदू वोट काटने का आरोप लगाते हैं, फिर भी कह रहे हैं कि वे 320 सीटें जीतेंगे। या तो उनकी नंबर दो के साथ कोई सेटिंग हो गई है, या फिर उन्हें पता है कि आगे क्या होने वाला है।"

कांग्रेस सांसद ने महंगाई और रोजगार के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा, "आज आप सड़क पर चलते किसी भी व्यक्ति से पूछ लीजिए कि क्या उसकी जेब वैसी ही है जैसी 10 साल पहले हुई करती थी, क्या बचत उतनी ही है, महंगाई उतनी ही है, पेट्रोल-डीजल और गैस सिलेंडर की कीमतें उतनी ही हैं, और क्या रोजगार के आंकड़े उतने ही हैं।"

खेड़ा ने कहा, "आपको किसी एजेंसी या सर्वे की जरूरत नहीं है। आपकी और मेरी जेब ही अपने आप में एक सर्वे है, और सरकार यह बात जानती है। इसलिए वे आंकड़े छिपाते हैं, वे फर्जी आंकड़ों की आड़ लेते हैं।"

उन्होंने कहा कि आम आदमी की जेब बता रही है कि हालात कितने खराब हैं, लेकिन सरकार आंकड़ों के खेल में उलझाकर असली मुद्दों से ध्यान भटकाना चाहती है।

महाराष्ट्र में सोनिया गांधी की किताब पर प्रतिबंध लगाने की शिवसेना नेता संजय निरुपम की मांग पर भी खेड़ा ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सवाल उठाया, "क्या निरुपम ने किताब पढ़ी है। इस किताब का एक फायदा यह है कि जिन लोगों ने अपनी जिंदगी में कभी कोई किताब नहीं पढ़ी, वे कम से कम इसे पढ़ने की कोशिश तो कर रहे हैं।"

उन्होंने कहा, "हम चाहते हैं कि सरकार संजय निरुपम की बात पर विचार करे। चाहे सरकार किताब पढ़े या न पढ़े, वह इस पर प्रतिबंध लगा दे और उनकी मांग मान ले। फिर देखते हैं क्या होता है।"

--आईएएनएस

एससीएच/डीकेपी