सीएम धामी की पीएम मोदी से मुलाकात, मां गंगा की प्रतिकृति और देवभूमि के खास उत्पाद किए भेंट
नई दिल्ली, 20 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी को हरिद्वार कुंभ-2027 की भव्यता को प्रदर्शित करती मां गंगा की प्रतिकृति भेंट की। इसके साथ ही शहद, घी, हर्षिल का राजमा एवं लाल चावल भी भेंट किए।
इसके साथ ही सीएम धामी ने राज्य के विकास के लिए उनके सहयोग एवं मार्गदर्शन पर आभार जताया।
सीएम पुष्कर धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ''शक्तिशाली, सामर्थ्यवान और आत्मनिर्भर भारत के शिल्पकार, देश के दुश्मनों की हर साजिश को अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति से नाकाम कर युवाशक्ति, मातृशक्ति व वरिष्ठजनों के सपनों को साकार करने वाले, विकास और सुशासन के नए प्रतिमान स्थापित करने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नई दिल्ली में भेंट कर उनका बहुमूल्य मार्गदर्शन प्राप्त किया।''
उन्होंने आगे लिखा, ''इस अवसर पर उन्हें देवभूमि उत्तराखंड की समृद्ध लोककला, परंपरा एवं स्थानीय उत्पादों की अनूठी पहचान मलारी की पारंपरिक हस्तनिर्मित कोट की पट्टी, दोरखा (ऊनी वस्त्र), उत्तराखंड का शुद्ध शहद, बद्री घी, हर्षिल का राजमा एवं लाल चावल तथा हरिद्वार कुंभ-2027 की भव्यता को प्रदर्शित करती मां गंगा की प्रतिकृति सादर भेंट की।''
इससे पहले उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राजधानी लखनऊ में सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की थी। दोनों नेताओं के बीच सिंचाई विभाग की परिसंपत्तियों समेत विभिन्न लंबित मामलों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में दोनों राज्यों के बीच लंबित मामलों को आपसी सहमति और समन्वय से जल्द निपटाने पर जोर दिया गया। इस दौरान उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज भी मौजूद रहे।
सीएम धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी शेयर करते हुए बताया था कि दोनों राज्यों के आपसी सहयोग एवं समन्वय से अब तक 20 हजार करोड़ रुपए से अधिक मूल्य के परिसंपत्ति विवादों का समाधान हो चुका है तथा अन्य लंबित प्रकरणों के निस्तारण की प्रक्रिया भी गतिमान है। आज की बैठक में शेष प्रकरणों का भी यथाशीघ्र समाधान करने पर सहमति बनी। उत्तराखंड के हितों से जुड़े विषयों पर निरंतर सहयोग एवं सकारात्मक पहल के लिए योगी आदित्यनाथ का हार्दिक आभार।''
--आईएएनएस
एसके/एबीएम