×

देशभर में बारिश का कहर, फुटेज में देंखे जम्मू-कश्मीर में बादल फटा, महाराष्ट्र में स्कूल बंद; मध्य प्रदेश में नदियां उफान पर

 

जम्मू और कश्मीर से लेकर महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश तक लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। जम्मू-कश्मीर के डोडा में बादल फटने से अचानक बाढ़ आ गई, जबकि महाराष्ट्र में मूसलाधार बारिश के चलते स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। वहीं मध्य प्रदेश में कई नदियां उफान पर हैं और कई इलाकों में सड़क संपर्क बाधित हो गया है।

डोडा में बादल फटा, मलबे में दबे वाहन

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/Q2JvAJh3728?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/Q2JvAJh3728/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

जम्मू-कश्मीर के डोडा के ऊपरी इलाकों में मंगलवार को बादल फटने की घटना के बाद अचानक बाढ़ आ गई। तेज बहाव के साथ पहाड़ों से भारी मात्रा में पत्थर और मलबा नीचे आ गया, जिससे कई घरों और दुकानों को नुकसान पहुंचा। सड़कों पर खड़ी कई गाड़ियां मलबे में दब गईं। प्रशासन और राहत दल प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का आकलन करने और रास्ते साफ करने में जुटे हैं।

महाराष्ट्र में 48 घंटे में 380 मिमी बारिश

महाराष्ट्र में लगातार हो रही बारिश ने कई जिलों में हालात बिगाड़ दिए हैं। राजधानी मुंबई में पिछले 48 घंटों के दौरान करीब 380 मिलीमीटर (15 इंच) बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।भारी बारिश और जलभराव की आशंका को देखते हुए मुंबई के सभी सरकारी और निजी स्कूल-कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। लोगों को अत्यधिक आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है।

नासिक में भी स्कूल बंद, मंदिरों के कपाट बंद

नासिक में भी लगातार बारिश के चलते सभी स्कूल और कॉलेज बंद रखने का फैसला लिया गया है।श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए प्रसिद्ध त्र्यंबकेश्वर मंदिर को भी मंगलवार के लिए बंद रखा गया है। इसके अलावा महाराष्ट्र के साढ़े तीन शक्तिपीठों में शामिल सप्तश्रृंगी मंदिर में भी दर्शन पर अस्थायी रोक लगा दी गई है।

मध्य प्रदेश के 35 से अधिक जिलों में बारिश

मध्य प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान 35 से अधिक जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। खजुराहो में सबसे अधिक 4.4 इंच वर्षा रिकॉर्ड की गई।बमीठा में राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर करीब तीन फीट तक पानी भर जाने से यातायात प्रभावित हुआ।

तेज बहाव में बही जेसीबी और कार

बालाघाट में महाराष्ट्र सीमा से लगी बाघ नदी के उफान पर आने से हालात गंभीर हो गए। किरनापुर-लांजी मार्ग पर पुल निर्माण कार्य में लगी एक कार, जेसीबी और लोडर तेज बहाव में बह गए। हालांकि, फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं मिली है।प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से जलभराव वाले क्षेत्रों में न जाने की सलाह दी है।

प्रशासन अलर्ट मोड पर

लगातार हो रही बारिश को देखते हुए तीनों राज्यों में प्रशासन अलर्ट मोड पर है। राहत और बचाव दल संवेदनशील इलाकों में तैनात किए गए हैं। मौसम विभाग ने कई क्षेत्रों में अगले 24 घंटे तक भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है।अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करें, नदी-नालों से दूर रहें और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन से तुरंत संपर्क करें।