भारत में छठी पीढ़ी का लड़ाकू विमान बनाने का दावा, वीडियो में जाने 2030 तक उड़ान का लक्ष्य; निजी कंपनी ने किया बड़ा ऐलान
भारत में छठी पीढ़ी का लड़ाकू विमान विकसित करने की तैयारी को लेकर बड़ा दावा किया गया है। रक्षा क्षेत्र की निजी कंपनी रैफे एमफाइबर के अध्यक्ष विकास मिश्रा ने सोमवार को दिल्ली में आयोजित नेशनल सिक्योरिटी समिट में कहा कि उनकी कंपनी देश को जल्द छठी पीढ़ी का लड़ाकू विमान उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने 2030 तक इस क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल करने का भरोसा जताया।
12 देशों के विमान इंजीनियर जुड़े होने का दावा
कंपनी के अनुसार, इस परियोजना में 12 देशों के विमानन इंजीनियर जुड़े हुए हैं। कंपनी ने विमान के डिजाइन और निर्माण से संबंधित कार्यों के लिए करीब 10 करोड़ डॉलर का कोष जुटाने का दावा किया है। इसके अलावा दिल्ली-एनसीआर में लगभग 7 लाख वर्ग फुट क्षेत्र में अपनी तकनीकी और निर्माण संबंधी सुविधाएं तैयार की हैं।कंपनी ड्रोन तकनीक के क्षेत्र में भी काम करती है। उसका दावा है कि उसने बड़ी संख्या में पेटेंट दायर किए हैं और अब लड़ाकू विमान निर्माण के क्षेत्र में अपनी विशेषज्ञता बढ़ा रही है।
एफ-35 से बेहतर होने का दावा
कंपनी से जुड़े सूत्रों का दावा है कि प्रस्तावित विमान छठी पीढ़ी के लड़ाकू विमानों के कई मानकों पर खरा उतरता है। कुछ मामलों में इसकी क्षमताओं को अमेरिका के एफ-35 लड़ाकू विमान से भी बेहतर बताया जा रहा है। हालांकि, इस तुलना की स्वतंत्र रूप से पुष्टि करने वाली तकनीकी जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं हुई है।विकास मिश्रा ने कहा कि विमान तैयार करते समय भारतीय वायुसेना की जरूरतों को ध्यान में रखा जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि विमानन क्षेत्र में इंजन, रैमजेट और अन्य तकनीकों में तेजी से बदलाव हो रहे हैं। भारत को इन तकनीकों में आत्मनिर्भर बनने की जरूरत है।
भारत का आधिकारिक पांचवीं पीढ़ी का विमान कार्यक्रम एएमसीए
भारत का आधिकारिक स्वदेशी स्टेल्थ लड़ाकू विमान कार्यक्रम एडवांस्ड मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (एएमसीए) है। यह पांचवीं पीढ़ी का लड़ाकू विमान विकसित करने की परियोजना है। इसका उद्देश्य भारतीय वायुसेना को अत्याधुनिक स्वदेशी विमान उपलब्ध कराना है।छठी पीढ़ी के लड़ाकू विमानों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता, उन्नत सेंसर, बेहतर स्टेल्थ तकनीक और मानव रहित विमानों के साथ मिलकर युद्ध करने जैसी क्षमताओं पर जोर दिया जाता है।
अभी कंपनी की घोषणा और सरकारी परियोजना अलग-अलग
यह स्पष्ट करना जरूरी है कि रैफे एमफाइबर की छठी पीढ़ी के विमान को लेकर की गई घोषणा एक निजी कंपनी का दावा है। इसे भारत के आधिकारिक एएमसीए कार्यक्रम का हिस्सा नहीं माना जाना चाहिए। विमान की वास्तविक तकनीकी क्षमता और प्रदर्शन का आकलन उसके डिजाइन, परीक्षण और उड़ान के बाद ही किया जा सकेगा।