नागपुर में CJP का ‘सेव डेमोक्रेसी, सेव कॉन्स्टिट्यूशन’ कार्यक्रम: प्रकाश राज पहुंचे, फुटेज में देंखे अभिजीत दीपके ने दीक्षाभूमि में अंबेडकर को दी श्रद्धांजलि
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने गुरुवार को महाराष्ट्र के नागपुर स्थित संविधान चौक पर ‘सेव डेमोक्रेसी, सेव कॉन्स्टिट्यूशन’ कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम में अभिनेता प्रकाश राज भी CJP का समर्थन करने पहुंचे। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने इससे पहले सुबह दीक्षाभूमि पहुंचकर डॉ. भीमराव अंबेडकर को श्रद्धांजलि दी।दीक्षाभूमि में श्रद्धांजलि देने के बाद दीपके ने कहा कि आज का दिन सिर्फ उनके लिए ही नहीं, बल्कि देश के सभी नागरिकों के लिए बेहद खास और पवित्र है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे एकजुट होकर संविधान की रक्षा के लिए आगे आएं और इस विषय पर चर्चा करें।
प्रकाश राज ने कार्यक्रम में पहुंचकर दिया समर्थन
नागपुर के संविधान चौक पर आयोजित कार्यक्रम का मुख्य मुद्दा लोकतंत्र और संविधान की रक्षा रहा। इसमें अभिनेता प्रकाश राज की मौजूदगी भी चर्चा में रही। CJP ने इस आयोजन के जरिए लोगों से संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर एकजुट होकर आवाज उठाने की अपील की।
चुनाव में गड़बड़ी का लगाया था आरोप
इससे एक दिन पहले बुधवार को CJP संस्थापक अभिजीत दीपके ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव में गड़बड़ी का आरोप लगाया था। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर राजनीतिक सामग्री के साथ कथित भेदभाव का मुद्दा भी उठाया।दीपके ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जुड़ी सामग्री को बढ़ावा दिया जा रहा है, जबकि अन्य राजनीतिक पोस्ट को दबाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि जनवरी से जून के बीच इंस्टाग्राम से 50 लाख से ज्यादा पोस्ट हटा दिए गए।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में बजाई थी मोदी चालीसा
दीपके ने सोशल मीडिया पर कथित भेदभाव के विरोध में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर लगाई थी। इस दौरान उन्होंने मोदी चालीसा भी बजाई। उन्होंने इसे अपने विरोध प्रदर्शन का हिस्सा बताया।गुरुवार को नागपुर में आयोजित कार्यक्रम और दीक्षाभूमि में श्रद्धांजलि के जरिए CJP ने संविधान की रक्षा का संदेश देने की कोशिश की। पार्टी ने लोगों से लोकतंत्र और संविधान से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करने तथा एकजुट होकर आगे आने की अपील की। वहीं, सोशल मीडिया पर पोस्ट हटाए जाने और राजनीतिक सामग्री को कथित रूप से बढ़ावा देने से जुड़े दीपके के दावों पर भी चर्चा शुरू हो गई है।