नागपुर में आज CJP का 'सेव डेमोक्रेसी' कार्यक्रम, वीडियो में जाने चुनाव आयोग पर लगाए गड़बड़ी के आरोप; प्रकाश राज भी होंगे शामिल
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) गुरुवार को महाराष्ट्र के नागपुर में 'सेव डेमोक्रेसी, सेव कॉन्स्टिट्यूशन' कार्यक्रम आयोजित करेगी। इसके तहत प्रदर्शन और जनसभा शाम 4 बजे संविधान चौक पर होगी। कार्यक्रम में अभिनेता प्रकाश राज और CJP के सह-संयोजक आशुतोष रांका भी शामिल होंगे। इससे पहले CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनावी प्रक्रिया, चुनाव आयोग और सोशल मीडिया पर राजनीतिक सामग्री को लेकर कई सवाल उठाए।अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया कि देश में चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ियां हो रही हैं और चुनाव केवल औपचारिकता बनकर रह गए हैं। उन्होंने कहा कि देश को संविधान और डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों के अनुसार चलना चाहिए। उनका कहना था कि लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं की रक्षा के लिए लोगों को आगे आना होगा।
सोशल मीडिया पर पक्षपात का लगाया आरोप
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जुड़ी सामग्री को बढ़ावा दिया जा रहा है, जबकि अन्य राजनीतिक पोस्ट को दबाया जा रहा है।दीपके ने दावा किया कि जनवरी से जून के बीच इंस्टाग्राम से 50 लाख से ज्यादा पोस्ट हटा दिए गए। हालांकि, यह आंकड़ा उन्होंने अपने बयान में पेश किया। विरोध दर्ज कराने के लिए उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर लगाई और मोदी चालीसा भी बजाई।
चुनाव आयोग की भूमिका पर उठाए सवाल
CJP संस्थापक ने चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता को लेकर सवाल उठाते हुए चुनाव आयोग की भूमिका पर भी चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावों में गड़बड़ियां हो रही हैं और लोकतांत्रिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है।दीपके ने स्पष्ट किया कि CJP किसी राजनीतिक दल का समर्थन नहीं करती और न ही उसकी अपनी राजनीतिक पार्टी बनाने की योजना है। संगठन का उद्देश्य रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं जैसे आम लोगों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता देना है।उनके मुताबिक, लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए जरूरी है कि आम नागरिकों की समस्याओं और अधिकारों को प्राथमिकता दी जाए।
विदर्भ और मराठवाड़ा में छह दिन चलेगा अभियान
CJP के सह-संयोजक आशुतोष रांका ने संगठन के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र के सूखाग्रस्त क्षेत्रों विदर्भ और मराठवाड़ा में छह दिवसीय 'क्या बोलती पब्लिक' अभियान चलाया जाएगा।इस अभियान के तहत संगठन के सदस्य अलग-अलग गांवों में जाकर किसानों से बातचीत करेंगे। उनकी समस्याओं, खेती से जुड़ी चुनौतियों और आर्थिक परेशानियों को समझकर उन्हें सामने लाया जाएगा।संगठन का कहना है कि इस अभियान के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों की वास्तविक स्थिति और किसानों की आवाज को सामने लाने की कोशिश की जाएगी।
प्रकाश राज भी होंगे कार्यक्रम में शामिल
नागपुर के संविधान चौक पर होने वाले 'सेव डेमोक्रेसी, सेव कॉन्स्टिट्यूशन' कार्यक्रम में अभिनेता प्रकाश राज और संगठन से जुड़े अन्य सदस्य शामिल होंगे। CJP ने इस आयोजन को लोकतंत्र और संविधान की रक्षा से जुड़ा अभियान बताया है।कार्यक्रम के जरिए संगठन चुनावी पारदर्शिता, संवैधानिक अधिकारों, रोजगार, शिक्षा और किसानों की समस्याओं जैसे मुद्दे उठाने की तैयारी में है।