दिल्ली एयरपोर्ट पर रोके गए CJP के सह-संयोजक सौरव दास, वीडियो में जाने विदेश मंत्रालय ने बताई वजह; हाईकोर्ट पहुंचे
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के सह-संयोजक सौरव दास को दिल्ली एयरपोर्ट पर विदेश जाने से रोके जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। बुधवार को विदेश मंत्रालय ने इस मामले पर सफाई देते हुए कहा कि सौरव दास के पासपोर्ट में दर्ज जन्मस्थान की जानकारी को लेकर स्पष्टीकरण मांगा गया है। इस संबंध में चेन्नई के क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया है। वहीं, विदेश यात्रा पर रोक लगाए जाने के खिलाफ सौरव दास ने दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बुधवार को बताया कि चेन्नई के रीजनल पासपोर्ट कार्यालय ने 23 नवंबर को सौरव दास को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। इसमें उनसे सात दिनों के भीतर जवाब देने को कहा गया है। मंत्रालय के मुताबिक, पासपोर्ट में दर्ज जन्मस्थान से जुड़ी जानकारी को लेकर स्पष्टीकरण मांगा गया है। जब तक इस मामले में उनका जवाब नहीं मिल जाता, तब तक उन्हें पासपोर्ट का इस्तेमाल नहीं करने की सलाह दी गई है।
दिल्ली एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन काउंटर पर रोका
सौरव दास ने बताया कि उन्हें 23 नवंबर को विदेश यात्रा करनी थी। उनकी फ्लाइट रात करीब एक बजे दिल्ली एयरपोर्ट से रवाना होने वाली थी। वह ब्रिटेन जाने की तैयारी में थे, लेकिन एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन काउंटर पर उन्हें रोक दिया गया। इसके चलते वह अपनी निर्धारित फ्लाइट में सवार नहीं हो सके।सौरव के मुताबिक, उन्हें ब्रिटेन में कॉकरोच मूवमेंट के बारे में विभिन्न विश्वविद्यालयों में बातचीत करने के लिए आमंत्रित किया गया था। उन्होंने बताया कि ऑक्सफोर्ड, कैम्ब्रिज, लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स (LSE) और एडिनबरा जैसे प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों से उन्हें निमंत्रण मिले थे।
विदेश यात्रा पर रोक के खिलाफ हाईकोर्ट पहुंचे
विदेश जाने से रोके जाने के बाद सौरव दास ने बुधवार को दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की। उनके वकील ने एक्टिंग चीफ जस्टिस नितिन वासुदेव सांबरे और जस्टिस संजय शर्मा की पीठ के सामने मामले की जल्द सुनवाई की मांग की है। याचिका में विदेश यात्रा पर लगाई गई रोक को चुनौती दी गई है।सौरव का कहना है कि ब्रिटेन में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए उन्हें यात्रा करनी थी, लेकिन एयरपोर्ट पर रोक दिए जाने के कारण उनका कार्यक्रम प्रभावित हुआ है। अब इस मामले में हाईकोर्ट की सुनवाई पर नजर रहेगी।
1 दिसंबर को ऑक्सफोर्ड यूनियन में कार्यक्रम
आधिकारिक कार्यक्रम सूची के मुताबिक, एक दिसंबर को ऑक्सफोर्ड यूनियन में कॉकरोच मूवमेंट को लेकर पैनल चर्चा आयोजित होनी है। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सौरव दास को आमंत्रित किया गया था।फिलहाल मामला दो स्तरों पर आगे बढ़ रहा है। एक तरफ पासपोर्ट कार्यालय ने जन्मस्थान से संबंधित जानकारी पर सात दिनों के भीतर जवाब मांगा है, वहीं दूसरी तरफ सौरव ने विदेश यात्रा पर रोक के खिलाफ अदालत का रुख किया है। अब देखना होगा कि पासपोर्ट कार्यालय की जांच और हाईकोर्ट में दायर याचिका पर आगे क्या फैसला आता है।