×

'चुनिंदा लोगों का धन बढ़ रहा, आम आदमी की जेब खाली', जीडीपी ग्रोथ के दावों पर अधीर रंजन चौधरी

 

नई दिल्ली, 2 सितंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने बुधवार को वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में जीडीपी ग्रोथ 7.8 प्रतिशत रहने के सरकार के दावों पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस नेता ने आंकड़ों को भ्रामक बताते हुए कहा कि आम आदमी की जेब खाली हो रही है और बाजार में महंगाई आसमान छू रही है।

अधीर रंजन चौधरी ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "पीएम मोदी एक तरफ कहते हैं कि सोना मत खरीदो, हवाई जहाज पर सफर मत करो, विदेश न जाओ और दूसरी तरफ कहते हैं कि हमारे देश का धन बढ़ता जा रहा है। ऐसे में यह सिर्फ चुनिंदा लोगों का धन बढ़ रहा है। यह सिर्फ एक तिमाही की रिपोर्ट है। सालाना रिपोर्ट बाकी है। इतनी जल्दी पीठ नहीं थपथपानी चाहिए।"

उन्होंने कहा, "हम चाहते हैं कि देश की आर्थिक उन्नति हो, लेकिन इसके लिए ढिंढोरा पीटने की कोई जरूरत नहीं है। कांग्रेस के जमाने में जीडीपी 9-10 प्रतिशत तक गई थी, लेकिन हमने ढिंढोरा नहीं पीटा। बाजार में दाम में कोई कटौती नहीं हुई, बाजार में चीजों के दाम आसमान छू रहे हैं, सरकार को इस पर कार्रवाई करनी चाहिए। एक तरफ सरकार आंकड़े पेश कर रही है, दूसरी तरफ हमारी जेब खाली हो रही है।"

सीजेपी के 5 सितंबर को होने वाले विरोध प्रदर्शन के कैंसिल होने पर कांग्रेस नेता ने कहा, "सरकार को पहले ही छात्रों की मांगे माननी चाहिए थी। सभी को पता है कि छात्र अपनी बातों को रखने के लिए जंतर-मंतर पर इकट्ठा हुए थे। अगर सरकार ऐसा बर्ताव नहीं करती, तो आज यह नौबत नहीं आती। ऐसे में जो सरकार को पहले करना चाहिए था, वह सुप्रीम कोर्ट की तरफ से किया जा रहा है। इसका मतलब सरकार मुकदमा वापस नहीं लेना चाहती थी, लेकिन सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद ऐसा करना पड़ा।"

दिल्ली में राहुल गांधी के 'वोट चोरी' वाले बयान पर कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा, "पूरे देश में 13 करोड़ लोगों के नाम हटा दिए गए हैं। क्या यह कोई छोटी बात है? इसका मतलब है कि भाजपा जिन चुनावों में लड़ी, उन्हें अमान्य घोषित कर देना चाहिए। इसे गैर-कानूनी घोषित किया जाना चाहिए। अगर चुनाव आयोग की लिस्ट सही है, तो पिछले चुनावों को अमान्य घोषित कर देना चाहिए।"

उन्होंने आगे कहा, "सरकार चाहे जो भी सफाई दे, लेकिन सभी सच्चाई जानते हैं। ड्राफ्ट से करीब 13 करोड़ लोगों के नाम निकल चुके हैं। यह कोई मामूली बात नहीं है। झारखंड को देखिए, लोग खुलेआम कह रहे हैं कि भाजपा नेता 'फॉर्म 7' लेकर घूम रहे हैं। इसमें कोई शक नहीं कि देश में वोट चोरी हो रही है। पूरे भारत में लोगों को इसके बारे में पता चल गया है।"

--आईएएनएस

एससीएच/एबीएम