'चुनाव नतीजे अच्छे होंगे', पश्चिम बंगाल में वोटों की गिनती से पहले बोले एजेयूपी प्रमुख हुमायूं कबीर
मुर्शिदाबाद, 4 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे सोमवार को घोषित किए जाएंगे। मतगणना केंद्रों पर तैयारियों पूरी हो चुकी हैं। वोटों की गिनती सुबह 8 बजे से शुरू होगी। आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) के संस्थापक हुमायूं कबीर ने कहा है कि चुनाव नतीजे अच्छे होंगे।
एजेयूपी प्रमुख हुमायूं कबीर ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "मतदान केंद्रों पर सब कुछ पूरी तरह से ठीक है। चुनाव आयोग ने मतगणना प्रक्रिया के संबंध में भी अच्छे निर्णय लिए हैं, जो एक सकारात्मक कदम है। कभी भी राजनीतिक दल या उम्मीदवार को उससे परेशानी नहीं होनी चाहिए।"
उन्होंने कहा कि मतगणना के दौरान शुरुआती 4-5 घंटे बेहद महत्वपूर्ण रहेंगे। चुनाव आयोग के अधिकारियों को सही तरीके से मतगणना का कार्य संपन्न करना चाहिए। किसी को भी परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। हुमायूं कबीर ने यह भी कहा कि पार्टी के एजेंट मतगणना केंद्रों पर पहुंच चुके हैं। यहां सब कुछ ठीक है।
पश्चिम बंगाल में सोमवार को विधानसभा की 294 सीटों में से 293 के नतीजे घोषित किए जाएंगे। राज्य में दो चरणों में हुआ मतदान 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को संपन्न हुआ। पहले चरण में विधानसभा की 152 सीटों पर वोट डाले गए, जिसमें 93.19 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मत का इस्तेमाल किया। दूसरे चरण में 142 सीटों पर 92.90 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। हालांकि, फाल्टा में दोबारा मतदान कराया जाएगा।
बहरहाल, पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस लगातार चौथी बार सत्ता में आने की कोशिश कर रही है। हालांकि, उसे भाजपा से कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है। माकपा और कांग्रेस 2021 के विधानसभा चुनावों में लगभग पूरी तरह से खत्म हो जाने के बाद अपनी मौजूदगी को फिर से मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि हुमायूं कबीर की एजेयूपी जैसी छोटी पार्टियां भी मैदान में हैं।
--आईएएनएस
डीसीएच/