चुनाव आयोग पर अब भरोसा नहीं, यूपी में काटे गए 2 करोड़ मतदाताओं के नाम: धर्मेंद्र यादव
आजमगढ़, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव ने चुनाव आयोग पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए भाजपा के पक्ष में मतदाता सूची में हेरफेर का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष के विरोध के बावजूद चुनाव आयोग भाजपा के इशारे पर वोट काटने के षड्यंत्रों में लगा हुआ है।
उन्होंने कहा कि मैं अपने कार्यकर्ताओं से कहना चाहता हूं कि बूथ लेवल पर चेक करें कि कितने योग्य वोट काटे गए हैं। उन्हें जोड़ना है, क्योंकि भाजपा के लोग सिर्फ और सिर्फ षड्यंत्र कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यूपी में दो करोड़ से अधिक वोट काटे गए हैं।
धर्मेंद्र यादव ने कहा कि आजमगढ़ में साढ़े तीन लाख वोट काटे जाने की सूचना है। हम लोग शुरू से शंक जता रहे हैं कि वोट काटे जाएंगे। एसआईआर के जरिए वे घुसपैठियों को भगाने का दावा कर रहे हैं। उन्हें पहले ये बताना चाहिए कि बिहार से कितने घुसपैठियों का नाम हटाया गया। ये विपक्ष के लोगों के वोट काटने की प्रक्रिया थी।
एसआईआर के दौरान 84 लाख वोटरों के जोड़े जाने पर उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग पर अब भरोसा नहीं है। जिस तरह टीएमसी और चुनावी अधिकारियों के साथ व्यवहार किया गया, वह सबके सामने है। चुनाव आयोग के लिए जितनी मान्यताएं, मर्यादा, आदर्श और परंपराएं थीं, सारे तोड़कर आयोग स्वामीभक्ति में लगा हुआ है।
उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थानों की मर्यादाएं तार-तार हो रही हैं। संविधान मानने वाले लोग आहत हैं। जब से एसआईआर चल रहा है, तब से हम लोग आवाज उठा रहे हैं। संसद के सत्र में हमने आवाज उठाई।
उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं को सजग रहने की अपील करते हुए कहा कि हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष की तरफ से अंगूठा लगाने वालों के हस्ताक्षर वाले फॉर्म भर दिए गए हैं। इसको लेकर आवाज उठाई गई है। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया के दौरान बड़े पैमाने पर धांधली हुई है।
--आईएएनएस
एएमटी/डीकेपी