चोट के कारण मैड्रिड ओपन में हिस्सा नहीं लेंगे नोवाक जोकोविच
नई दिल्ली, 17 अप्रैल (आईएएनएस)। 24 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन नोवाक जोकोविच ने चोट के कारण आधिकारिक तौर पर मैड्रिड ओपन से नाम वापस ले लिया है। यह टूर्नामेंट 23 अप्रैल से शुरू होने वाला है। जोकोविच ने शुक्रवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर एक पोस्ट के जरिए इसकी घोषणा की।
सर्बिया के स्टार खिलाड़ी के अनुसार, वह पूरी तरह से फिट नहीं हैं और जल्द से जल्द वापसी करने के लिए अपनी रिकवरी पर पूरा ध्यान दे रहे हैं। जोकोविच ने ट्वीट करते हुए लिखा, "बदकिस्मती से मैं इस साल मैड्रिड ओपन में हिस्सा नहीं ले पाऊंगा। जल्द वापसी करने के लिए मेरी रिकवरी जारी है।" एक बयान में टूर्नामेंट के आयोजकों ने लिखा, "नोवाक जोकोविच, जो तीन बार के मैड्रिड ओपन चैंपियन हैं, इस साल के टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। हमें उम्मीद है कि आप जल्द से जल्द यहां वापस आएंगे, ताकि हम आपके टेनिस का लुत्फ उठा सकें जैसा कि हमने काजा मैजिका में कई बार उठाया है।"
39 वर्षीय खिलाड़ी पिछले एक महीने से कोर्ट से बाहर हैं। उन्होंने आखिरी बार इंडियन वेल्स के चौथे दौर में जैक ड्रेपर का सामना किया था, जहां उन्हें 4-6, 6-4, 7-6 (5) से हार का सामना करना पड़ा था। दुनिया के चौथे नंबर के खिलाड़ी ने इस साल अब तक सिर्फ दो टूर्नामेंट खेले हैं। वह ऑस्ट्रेलियन ओपन में उपविजेता रहे और इंडियन वेल्स में राउंड ऑफ 16 तक पहुंचे। पिछले महीने मियामी ओपन से नाम वापस लेने का कारण उन्होंने अपने दाएं कंधे की चोट को बताया था। जोकोविच हाल ही में समाप्त हुए मोंटे कार्लो मास्टर्स में भी नहीं खेल पाए थे, जहां जानिक सिनर ने कार्लोस अल्काराज को हराकर पहली बार यह खिताब जीता था।
24 ग्रैंड स्लैम अपने नाम कर चुके जोकोविच ने अपने करियर में तीन बार मैड्रिड ओपन का खिताब जीता है। उन्होंने 2011, 2016 और 2019 में एटीपी मास्टर्स 1000 क्ले-कोर्ट का खिताब अपने नाम किया था। इस टूर्नामेंट में उनका जीत का अनुपात भी काफी अच्छा रहा है। इस टेनिस स्टार ने मैड्रिड ओपन के इतिहास में अब तक 30 मैच जीते हैं और सिर्फ 10 मैच हारे हैं। जोकोविच ने अब इटैलियन ओपन के लिए साइन अप किया है, जो एक क्ले-कोर्ट मास्टर्स इवेंट भी है और 8 मई से शुरू होगा। हालांकि, इस सर्बियाई खिलाड़ी की भागीदारी आने वाले दिनों में उनकी फिटनेस पर निर्भर करेगी।
--आईएएनएस
एसएम/डीकेपी