×

चोरी और लूट करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 8 आरोपी गिरफ्तार, लाखों के मोबाइल बरामद

 

नोएडा, 6 अगस्त (आईएएनएस)। नोएडा के थाना सेक्टर-63 की पुलिस ने मोबाइल स्नैचिंग, टप्पेबाजी और चोरी के मामलों में कार्रवाई करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी और लूट के 98 मोबाइल फोन, 100 मोबाइल डिस्प्ले, 207 बैटरियां, 40 मोबाइल के खोखे, 103 बैक पैनल, मोबाइल खोलने में इस्तेमाल होने वाले 10 पेचकस, एक अवैध चाकू तथा दिल्ली से चोरी की गई एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, बरामद मोबाइल और उनके पार्ट्स की कुल संख्या 300 से अधिक है, जिसे हाल के समय की बड़ी बरामदगियों में माना जा रहा है। पुलिस के मुताबिक 5 अगस्त 2026 को थाना सेक्टर-63 पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर ग्रीन बेल्ट सेक्टर-63 क्षेत्र से दो मोबाइल स्नैचर कुशल और रूपेश उर्फ गोलू को गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से एक लूटा हुआ मोबाइल फोन, एक अवैध चाकू और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई।

पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि वे राह चलते लोगों से मोबाइल फोन छीनकर उन्हें अपने साथियों को बेच देते थे। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने आगे कार्रवाई करते हुए चोरी और स्नैचिंग के मोबाइल खरीदने वाले छह अन्य आरोपियों—निजामुद्दीन, आरिफ, सोनू, छोट्टे, गुलफाम और हारुन—को भी गिरफ्तार कर लिया। इनके ठिकानों से 97 मोबाइल फोन, विभिन्न कंपनियों के 100 डिस्प्ले, 207 बैटरियां, 40 मोबाइल खोखे और 103 बैक पैनल बरामद किए गए।

पुलिस का कहना है कि आरोपी चोरी के मोबाइल बेहद कम कीमत, करीब 1500 से 2000 रुपए में खरीदते थे। इसके बाद मोबाइल के पार्ट्स अलग कर उन्हें बाजार में बेच देते थे और कमाई को आपस में बांट लेते थे। मुख्य आरोपी कुशल ने पूछताछ में बताया कि वह रैपिडो बाइक टैक्सी चलाता है और अपने साथी रूपेश के साथ मिलकर राह चलते लोगों को निशाना बनाकर मोबाइल फोन स्नैच करता था।

वहीं, गिरफ्तार किए गए अन्य छह आरोपी खुद को जीरा बेचने और बाल खरीदने का कारोबार करने वाला बताते थे, लेकिन पुलिस जांच में सामने आया कि वे चोरी के मोबाइल खरीदकर उनके पार्ट्स निकालने और बेचने का अवैध कारोबार चला रहे थे। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में अधिकांश उत्तर प्रदेश के एटा, हरदोई और शाहजहांपुर जनपद के रहने वाले हैं, जबकि वर्तमान में सभी सेक्टर-63 क्षेत्र और आसपास की कॉलोनियों में रह रहे थे।

आरोपियों की शैक्षिक योग्यता पांचवीं से दसवीं तक है, जबकि कुछ आरोपी अशिक्षित भी हैं। बरामद मोटरसाइकिल दिल्ली के मंडावली थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी, इस संबंध में दिल्ली के मंडावली थाने में पहले से मुकदमा दर्ज है।

नोएडा पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब बरामद मोबाइल फोन के वास्तविक मालिकों की पहचान करने के साथ-साथ इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और मोबाइल चोरी के नेटवर्क की भी जांच कर रही है। पुलिस का मानना है कि इस कार्रवाई से मोबाइल स्नैचिंग और चोरी की कई घटनाओं का खुलासा होने की संभावना है।

--आईएएनएस

पीकेटी/डीकेपी