चिराग की विपक्षी सांसदों-विधायकों से अपील, कहा-आपदा के समय राजनीति से ऊपर उठकर बिहार के साथ खड़े हों
पटना, 22 सितंबर (आईएएनएस)। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बिहार में आई आपदा के बीच सभी राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधियों से राहत कार्यों में सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आपदा किसी दल को देखकर नहीं आती, इसलिए संकट की इस घड़ी में राजनीति से ऊपर उठकर बिहार के साथ खड़े होने की जरूरत है।
चिराग पासवान ने मंगलवार को सोशल नेटवर्किंग साइट एक्स पर एक पोस्ट के जरिए कहा कि बिहार परिवार पर आपदा आई है और ऐसे समय में सभी को मिलकर प्रभावित लोगों की मदद के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने लिखा, “बिहार परिवार पर आपदा आई है, और आपदा किसी दल को देखकर नहीं आती।” चिराग पासवान ने बताया कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) परिवार के सभी दलों के सांसदों और विधायकों ने मुख्यमंत्री राहत कोष में अपना एक माह का वेतन देने का निर्णय लिया है।
उन्होंने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) का हर जनप्रतिनिधि इस पहल में शामिल है और वह स्वयं भी अपना योगदान दे रहे हैं। उन्होंने अपने पोस्ट में कहा, “संकट की इस घड़ी में एनडीए परिवार के सभी दलों के सांसदों और विधायकों ने मुख्यमंत्री राहत कोष में अपना एक माह का वेतन देने का निर्णय लिया है। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) का हर जनप्रतिनिधि इसमें शामिल है, और मैं भी अपना योगदान दे रहा हूं।”
लोजपा (रामविलास) प्रमुख ने इस पहल को एनडीए तक सीमित न रखते हुए विपक्षी दलों के जनप्रतिनिधियों से भी इसमें शामिल होने का आग्रह किया। उन्होंने बिहार के सभी विपक्षी दलों के सांसदों और विधायकों से मुख्यमंत्री राहत कोष में सहयोग देने की अपील की। चिराग पासवान ने कहा, “मैं बिहार के सभी विपक्षी दलों के माननीय सांसदों और विधायकों से विनम्र निवेदन करता हूं कि इस पहल में साथ आएं। आइए, एक बार राजनीति से ऊपर उठकर बिहार के साथ खड़े हों।”
बिहार के कई हिस्सों में बाढ़ और जलजमाव से बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हैं। ऐसे में राहत एवं बचाव कार्यों के लिए सरकारी स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री राहत कोष में जनप्रतिनिधियों के योगदान को इसी राहत प्रयास से जोड़कर देखा जा रहा है।
--आईएएनएस
एमएनपी/पीएम