देश के गरीबों के बारे में नहीं सोच रही केंद्र सरकार : राजीव राय
नई दिल्ली, 24 अगस्त (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय ने सोमवार को कई मुद्दों पर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। झारखंड में भर्ती सुधार यात्रा, अयोध्या में मछली भोज विवाद, चीनी के बढ़ते दाम और पश्चिम बंगाल की अन्नपूर्णा योजना में देरी को लेकर अपनी बात रखी।
चीनी के दाम बढ़ने पर राजीव राय ने कहा कि ये सरकार आपदा में भी अवसर ढूंढती है। एथेनॉल वाले पेट्रोल का दाम कम हुआ नहीं और गाड़ी का माइलेज घट गया और अब चीनी का संकट हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा केंद्र सरकार गरीबों के बारे में नहीं सोच रही है।
अयोध्या में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के स्वागत के दौरान हुए मछली भोज पर सपा सांसद ने कहा कि व्यक्तिगत रूप से संयम बरतना चाहिए था, इसे टाला जा सकता था। हालांकि, जैसा कहा जाता है कि सौ चूहे खाकर बिल्ली हज को चली। पहले जब उनके मंत्री और नॉर्थ ईस्ट के सांसद सावन में मांस खा रहे थे, तब वे नहीं बोले।" उन्होंने केंद्र पर निशाना साधते हुए कहा कि देश के लोकतंत्र को पूरी दुनिया में मजाक बनाकर रख दिया है।
झारखंड में देवेंद्र महतो की 'भर्ती सुधार यात्रा' को लेकर (जिसमें जेपीएससी-जेएसएससी भर्ती प्रणाली में बदलाव की मांग की जा रही है) राजीव राय ने कहा कि वह सुधार के समर्थक हैं और इसको लेकर राजनीति नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग आज दर्द दिखा रहे हैं, उनसे पूछता हूं कि ऑन रिकॉर्ड सबसे ज्यादा 20 पेपर लीक का रिकॉर्ड उत्तर प्रदेश के नाम है। वहां इनकी बोलती क्यों बंद है? क्या उत्तर प्रदेश में बच्चों का भविष्य नहीं दिखाई देता।
वहीं, पश्चिम बंगाल में अन्नपूर्णा योजना के भुगतान में देरी और महिलाओं द्वारा 3,000 रुपए मासिक सहायता की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन पर उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार जनता को सिर्फ धोखा देने का काम करती है। उत्तर प्रदेश में चुनाव होने वाले हैं, यहां भी ये लोग ऐसा ही करने वाले हैं।
--आईएएनएस
वीकेयू/पीएम