चीनी राष्ट्रपति शी के विशेष दूत ने म्यांमार के राष्ट्रपति के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लिया
बीजिंग, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। स्थानीय समयानुसार 10 अप्रैल को म्यांमार के निमंत्रण पर, चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग के विशेष दूत और चीनी जन राजनीतिक सलाहकार सम्मेलन की राष्ट्रीय समिति के उपाध्यक्ष च्यांग शिंची ने म्यांमार की राजधानी नेप्यीडॉ में म्यांमार के राष्ट्रपति मिन आंग ह्लाइंग के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लिया। ठीक उसी दिन राष्ट्रपति मिन आंग ह्लाइंग ने नेप्यीडॉ में च्यांग शिंची से मुलाकात की।
च्यांग शिंची ने चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग की ओर से मिन आंग ह्लाइंग को शुभकामना और बधाई देते हुए कहा कि चीन और म्यांमार के बीच मित्रता का लंबा इतिहास है, और दोनों पक्ष लंबे समय से सद्भाव में रहे हैं और एक-दूसरे की मदद करते रहे हैं, जो चीन-म्यांमार साझा भविष्य वाले समुदाय के गहरे अर्थ को पूरी तरह से दर्शाता है।
चीन म्यांमार को उसकी राष्ट्रीय परिस्थितियों के अनुकूल विकास पथ अपनाने में समर्थन करता है और“बेल्ट एंड रोड”पहल के संयुक्त निर्माण में म्यांमार के साथ उच्च गुणवत्ता वाले सहयोग को गहरा करने, चीन-म्यांमार सीमा पर स्थिरता बनाए रखने और म्यांमार में चीनी कर्मियों और परियोजनाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा चीन-म्यांमार साझा भविष्य वाले समुदाय के निर्माण में अधिक व्यावहारिक परिणाम प्राप्त करने के लिए तत्पर है।
मिन आंग ह्लाइंग ने म्यांमार के आर्थिक और सामाजिक विकास में चीन द्वारा दी गई दीर्घकालिक और बहुमूल्य सहायता के लिए धन्यवाद दिया। म्यांमार एक-चीन सिद्धांत का दृढ़तापूर्वक पालन करता है, चीन द्वारा प्रस्तावित चार वैश्विक पहलों का समर्थन करता है, म्यांमार में चीन के सुरक्षा हितों की पूरी तरह से रक्षा करेगा, और विभिन्न क्षेत्रों में चीन के साथ व्यावहारिक सहयोग को गहरा करने के लिए तत्पर है।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
--आईएएनएस
डीकेपी/