×

चीन-यूएई संबंधों को नई मजबूती देने पर जोर, तिंग श्वेएश्यांग ने यूएई दूत से की मुलाकात

 

बीजिंग, 19 मार्च (आईएएनएस)। चीन की राजधानी पेइचिंग में सीपीसी केंद्रीय समिति के पोलित ब्यूरो की स्थायी समिति के सदस्य और चीनी राज्य परिषद के उप प्रधानमंत्री तिंग श्वेएश्यांग ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के राष्ट्रपति के चीन मामलों के विशेष दूत खालदून खलीफा अल मुबारक से मुलाकात की।

मुलाकात के दौरान तिंग श्वेएश्यांग ने कहा कि चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग और यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन ज़ायद अल-नहयान के नेतृत्व में दोनों देशों के बीच राजनीतिक आपसी विश्वास निरंतर मज़बूत हो रहा है और विभिन्न क्षेत्रों में व्यावहारिक सहयोग से सकारात्मक परिणाम प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि चीन हमेशा चीन-यूएई संबंधों को रणनीतिक दृष्टिकोण से देखता है और दोनों देशों के शीर्ष नेताओं के बीच बनी महत्वपूर्ण सहमति को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है।

तिंग श्वेएश्यांग ने कहा कि चीन उच्च स्तरीय आदान-प्रदान को और गहरा करने तथा ऊर्जा, निवेश, व्यापार सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को मजबूत करने के लिए यूएई के साथ मिलकर कार्य करने को तैयार है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि दोनों देश व्यापक रणनीतिक साझेदारी को नए स्तर तक ले जाने और दोनों देशों की जनता के हितों को निरंतर बढ़ाने के लिए संयुक्त प्रयास करेंगे। इसके साथ ही चीन खाड़ी क्षेत्र में शांति और स्थिरता की शीघ्र बहाली के लिए सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए भी तैयार है।

वहीं, खालदून खलीफा अल मुबारक ने कहा कि यूएई चीन के साथ मिलकर द्विपक्षीय संबंधों को और सुदृढ़ करने तथा विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को लगातार आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि चीन क्षेत्रीय शांति और स्थिरता को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

--आईएएनएस

एबीएम/