×

छोटी-छोटी चीजों ने मैच में बड़ा अंतर पैदा किया: डेनियल वेटोरी

 

जयपुर, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के 36वें मुकाबले में शनिवार को सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) ने राजस्थान रॉयल्स (आरआर) को 5 विकेट से हराया। सवाई मानसिंह क्रिकेट स्टेडियम में मिली जीत के बाद एसआरएच के हेड कोच डेनियल वेटोरी ने कहा कि टीम की जीत में छोटी-छोटी चीजों ने बड़ा अंतर पैदा किया।

राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 228 रन लगाए। टीम की तरफ से वैभव सूर्यवंशी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 37 गेंदों में 103 रनों की दमदार पारी खेली, जबकि ध्रुव जुरेल ने 51 रनों का योगदान दिया। आरआर ने शुरुआत अच्छी की, लेकिन अंत के ओवरों में एसआरएच के गेंदबाजों ने मुकाबले में शानदार वापसी की।

एसआरएच द्वारा अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर शेयर किए गए वीडियो में वेटोरी ने प्रफुल हिंगे की खास तारीफ की। उन्होंने कहा कि हिंगे ने शुरुआत में रन देने के बाद शानदार वापसी की और अंत के ओवरों में कसी हुई गेंदबाजी की, जो टीम की जीत के लिए बहुत महत्वपूर्ण रही। 229 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए एसआरएच की शुरुआत खराब रही और ट्रेविस हेड महज 6 रन बनाकर आउट हुए।

हालांकि, इसके बाद अभिषेक शर्मा (57 रन) और ईशान किशन (74 रन) ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 55 गेंदों में 132 रनों की अहम साझेदारी निभाई। वहीं, हेनरिक क्लासेन (29 रन) और नीतीश कुमार रेड्डी (36 रन) ने बल्ले से अहम योगदान देते हुए एसआरएच को इस सीजन की पांचवीं जीत दिलाई।

वेटोरी ने लक्ष्य का पीछा करते समय अंत में रन गति को बनाए रखने का श्रेय नीतीश कुमार रेड्डी को भी दिया। उन्होंने कहा, "बल्लेबाजी की बात करें, तो इस मुकाबले में नीतीश ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने मैदान पर आते ही शुरू से ही जबरदस्त जोश और इरादा दिखाया। हमारी शुरुआत तो अच्छी हुई ही थी, लेकिन उसके बाद मैच में जो भी उतार-चढ़ाव आ रहे थे, नीतीश ने अपनी बैटिंग से उन सभी दबावों को पूरी तरह से खत्म कर दिया। यह सचमुच शानदार पारी था।"

टीम के सामूहिक प्रयास का जिक्र करते हुए वेटोरी ने इस बात पर जोर दिया कि कैसे ऐसे छोटे लेकिन असरदार पलों ने मैच के नतीजे को तय किया। उन्होंने आगे कहा, "पारी की शुरुआत और अंत में कुछ छोटी-छोटी बातें हुईं, जिनका हमारी जीत में बहुत बड़ा योगदान रहा।" राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मिली जीत के साथ ही एसआरएच अंक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। टीम के 8 मुकाबलों में 10 प्वाइंट्स हो गए हैं। एसआरएच को अपना अगला मुकाबला 29 अप्रैल को मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेलना है।

--आईएएनएस

एसएम/डीकेपी