छिंदवाड़ा में सीएम मोहन यादव की बड़ी सौगात, सिंगल क्लिक से 620 करोड़ रुपये ट्रांसफर
छिंदवाड़ा, 26 मार्च (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में आयोजित कार्यक्रम में राज्य के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सिंगल क्लिक से संबल योजना सहित अन्य योजनाओं के हितग्राहियों के खाते में सिंगल से 620 करोड़ की राशि ट्रांसफर की।
मुख्यमंत्री यादव ने सिंगल क्लिक से प्रदेश के 7008 श्रमिकों के खातों में संबल योजना की 157 करोड़ की राशि का अंतरण किया। इसके साथ विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के 55 लाख से अधिक हितग्राहियों के खातों में 463 करोड़ की राशि अंतरित की गई।
इसके साथ ही विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र एवं हितलाभ भी वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के साथ मध्यप्रदेश भी आगे बढ़ रहा है। गरीब, किसान, महिला और युवा सहित सभी वर्गों का कल्याण राज्य सरकार का संकल्प है। हमारे लिए सीमा पर जवान और खेतों में किसान, दोनों बराबर हैं। प्रदेश के किसानों को सालभर में 12 हजार रुपए की सम्मान निधि और लाड़ली बहनों को हर महीने 1500 रुपए की सौगात मिल रही है।
अन्नदाता की समृद्धि के लिए राज्य सरकार ने वर्ष 2026 को कृषक कल्याण वर्ष घोषित किया है। किसानों की समृद्धि में ही प्रदेश की खुशहाली है। इसी ध्येय से किसानों को फसल उत्पादन के साथ-साथ पशुपालन, दूध उत्पादन, मत्स्य पालन, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण से आय दोगुनी करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। यह प्रदेश का स्वर्णिम काल है।
मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश औद्योगीकरण और युवाओं को रोजगार से जोड़ने में सबसे आगे है। उन्होंने छिंदवाड़ा जिले को 500 करोड़ रुपए से अधिक लागत के 105 विकास कार्यों की सौगात दी। इसमें 133 करोड़ की लागत के तामिया-जुन्नारदेव मार्ग, नल जल योजना के कार्य, पुलिस आवास गृह, माध्यमिक विद्यालय भवन और छात्रावास सहित अन्य विकास कार्यों का लोकार्पण शामिल है। वहीं, छिंदवाड़ा विश्वविद्यालय के लिए नया भवन बनाए जाने की घोषणा की।
--आईएएनएस
एसएनपी/डीएससी