छत्तीसगढ़: वेदांता प्लांट में बॉयलर विस्फोट, केंद्र सरकार ने किया मुआवजे का ऐलान
नई दिल्ली, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिला के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार दोपहर एक भीषण बॉयलर विस्फोट से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में 9 लोगों की मौत हो है, जबकि 20 मजदूर और कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दुखद घटना पर शोक जताते हुए मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे का ऐलान किया।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रधानमंत्री कार्यालय ने पीएम मोदी के हवाले से लिखा, "छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में एक पावर प्लांट में हुई दुर्घटना बेहद दुखद है। मैं उन लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं जिन्होंने इस हादसे में अपने प्रियजनों को खो दिया है। ईश्वर से प्रार्थना है कि घायल लोग जल्द से जल्द स्वस्थ हों।"
पीएमओ ने पोस्ट में आगे कहा, "स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की हर संभव सहायता कर रहा है। पीएमएनआरएफ की ओर से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी। वहीं, घायलों को 50 हजार रुपए दिए जाएंगे।"
इससे पहले, प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एक्स पोस्ट में लिखा, "सक्ती जिले में सिंघीतराई स्थित 'वेदांता पावर प्लांट' में बॉयलर फटने से हुई भीषण दुर्घटना की सूचना अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक है। इस दुर्घटना में कुछ श्रमिकों के निधन और घायल होने का समाचार अत्यंत व्यथित करने वाला है। मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।"
उन्होंने आगे कहा, "ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा परिजनों को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें। जिला प्रशासन मौके पर मौजूद है, राहत एवं बचाव कार्य तेजी से जारी है। घायलों के बेहतर उपचार हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि इस दुर्घटना में घायल सभी व्यक्तियों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्राप्त हो। घटना की गहन और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाएगी। इसमें जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।"
--आईएएनएस
पीएसके