☰
×

छत्तीसगढ़ को मिला 1.06 लाख करोड़ का निवेश प्रस्ताव, 29 हजार युवाओं को मिलेगा रोजगार : सीएम साय

 

रायपुर, 20 नवंबर (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य के युवाओं की प्रतिभा को नए अवसर मिलें, उनके सपनों को नई उड़ान मिले और वे अपने ही प्रदेश में उज्ज्वल भविष्य का निर्माण कर सकें, इसी दिशा में सरकार निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर प्रदेश के औद्योगिक विकास, युवा प्रतिभा और किसानों के हित से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारी साझा कीं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बताया कि लगातार तीसरे वर्ष आयोजित ‘छत्तीसगढ़ इंडस्ट्री डायलॉग चैप्टर-3’ में देश-विदेश के 21 औद्योगिक समूहों से 1.06 लाख करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इनसे प्रदेश के लगभग 29 हजार युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

उन्होंने कहा कि यह छत्तीसगढ़ के प्रति निवेशकों के बढ़ते भरोसे का प्रमाण है और इससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। सरकार का प्रयास है कि निवेश केवल कागजों पर न रहे, बल्कि जमीन पर उतरे और स्थानीय युवाओं को अपने ही प्रदेश में काम मिले।

मुख्यमंत्री ने एक अन्य पोस्ट में छत्तीसगढ़ की युवा प्रतिभाओं की सराहना की। उन्होंने लिखा कि छत्तीसगढ़ की युवा प्रतिभाएं अपनी मेहनत, मेधा और नवाचार से वैश्विक मंच पर प्रदेश का मान बढ़ा रही हैं। दक्षिण कोरिया में आयोजित होने वाले 'रोबोटेक्स इंटरनेशनल ग्रैंड फिनाले' में रायपुर के होनहार छात्र पराक्रम सिन्हा और मोहम्मद गौस अंसारी भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान हासिल कर अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचे इन युवाओं की उपलब्धि प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।

मुख्यमंत्री ने दोनों छात्रों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि उनकी सफलता प्रदेश के अन्य युवाओं को भी नवाचार और तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि आज हम दिल्ली जा रहे हैं, जहां छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में भारत मंडपम में एक सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जा रहा है। इस तरह के आयोजन हर साल होते हैं, जिनमें हर राज्य के लिए एक विशेष दिन तय होता है। आज का दिन छत्तीसगढ़ के लिए समर्पित है।

उन्होंने कहा कि इस सांस्कृतिक संध्या में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक कला, संस्कृति, संगीत और परंपरा की झलक देखने को मिलेगी, जिससे देशभर के लोग प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत से परिचित हो सकेंगे। किसानों को लेकर भी मुख्यमंत्री ने बड़ा भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि किसानों को बिल्कुल भी चिंता करने की जरूरत नहीं है। सरकार ने सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश जारी कर दिए हैं। इस चक्रवात से फसलों को हुए किसी भी नुकसान का सर्वे के जरिए आकलन किया जाएगा।

पिछले चक्रवात के दौरान भी फसलों को नुकसान पहुंचा था, उसका भी आकलन किया जाएगा। सरकार द्वारा आरबीसी 64 के प्रावधानों या लागू फसल बीमा कवरेज के अनुसार मुआवजा दिया जाएगा। सरकार हर परिस्थिति में किसानों के साथ खड़ी है और किसी भी किसान को नुकसान की भरपाई से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।

--आईएएनएस

एससीएच/वीसी