छत्तीसगढ़: जशपुर में प्लेन क्रैश की खबर निकली अफवाह, प्रशासन ने किया खंडन
जशपुर, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में सोमवार को चार्टर्ड प्लेन क्रैश होने की खबर महज एक अफवाह साबित हुई है। जशपुर कलेक्टर रोहित व्यास ने मौके पर जांच के बाद स्पष्ट किया कि ऐसी किसी भी दुर्घटना नहीं हुई है।
दरअसल, कुछ न्यूज चैनलों और वेब पोर्टल्स पर यह खबर प्रसारित हुई थी कि जशपुर जिले के नारायणपुर की पहाड़ियों में एक चार्टर्ड प्लेन क्रैश हो गया है। इस खबर के सामने आते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया और तत्काल जांच किए गए। सूचना पाकर कलेक्टर रोहित व्यास खुद मौके पर पहुंचे। उनके साथ पुलिस, जिला प्रशासन और वन विभाग की टीम भी मौके पर मौजूद रही। टीम ने पहाड़ी इलाके का कोना-कोना खंगाला, लेकिन कहीं भी प्लेन के मलबे या दुर्घटना के कोई संकेत नहीं मिले।
प्रशासन ने सिर्फ जमीनी स्तर पर ही नहीं, बल्कि ड्रोन के जरिए भी पूरे इलाके की निगरानी की। बावजूद इसके, प्लेन क्रैश जैसी किसी भी घटना का कोई सबूत सामने नहीं आया। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) रायपुर, भुवनेश्वर और रांची से भी संपर्क किया। वहां से भी किसी विमान के लापता होने या क्रैश होने की कोई जानकारी नहीं मिली।
कलेक्टर रोहित व्यास ने आईएएनएस को बताया कि मीडिया के माध्यम से एक प्लेन क्रैश की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पुलिस प्रशासन, जिला प्रशासन एवं वन विभाग की संयुक्त टीम पहुंच गई। टीम ने पाहाड़ियों का चप्पा-चप्पा छानबीन की। अभी भी छानबीन का कार्य जारी है। ड्रोन के माध्यम से भी पूरे क्षेत्र में निरंतर सर्विलेंस किया जा रहा है। ड्रोन सर्विलेंस और छानबीन में अब तक प्लेन क्रैश जैसी किसी भी घटना का कोई सबूत नहीं मिला है।
उन्होंने आगे कहा कि जिला प्रशासन ने एटीसी रायपुर, एटीसी भुवनेश्वर और एटीसी रांची से लगातार संपर्क बनाए रखा है। अभी तक किसी भी प्लेन के मिसिंग होने या प्लेन क्रैश होने की कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है। न ही किसी प्रकार का कोई एविडेंस उपलब्ध हुआ है।
--आईएएनएस
पीएसके