×

छत्तीसगढ़ के कोरबा में 80 वर्षीय बुजुर्ग पर जानलेवा हमला, हालत गंभीर

 

कोरबा, 18 मार्च (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से बुधवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया, जहां पसान थाना क्षेत्र के कोरबी चौकी अंतर्गत ले बर्रा गांव में देर रात अज्ञात हमलावरों ने एक बुजुर्ग के घर में घुसकर जानलेवा हमला किया है, जिससे उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

दरअसल, बीते मंगलवार आधी रात में अज्ञात हमलावर ने बुजुर्ग के घर में घुसकर उन पर धारदार हथियार से घातक हमला किया, जिसमें वृद्ध को गंभीर चोटें आईं है और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना की खबर फैलते ही गांव में सनसनी फैल गई। संदिग्ध गिरोह की अफवाह से लोगों में दहशत का माहौल है।

वहीं, जब तक परिजनों को घर में किसी के घुसे होने का आभास हुआ और वे बुजुर्ग के पास आए, तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुका था। परिजनों ने घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन और जांच शुरू की। घटना से गांव में दहशत का माहौल है।

एएसपी लखन पटले ने बताया कि एक 80 साल के वृद्ध जिनका नाम हीरा है, वो बीती रात अपने घर में सो रहे थे और रात्रि करीब 11 से 12 बजे के बीच किसी अज्ञात व्यक्ति के द्वारा उनके ऊपर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिसमें उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। मामले को हत्या के प्रयास के अंतर्गत दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

बता दें, बीते दिन छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक इसी प्रकार की चौंकाने वाली घटना सामने आई था, जहां एक पत्नी ने अपने ही पति की हत्या की साजिश रची और रिश्तेदारों के साथ मिलकर उसकी बेरहमी से पिटाई की। इस घटना में पति गंभीर रूप से घायल हो गया और दो दिन बाद उसकी मौत हो गई।

यह घटना जशपुर जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के ग्राम प्रेमनगर केराडीह की थी, जहां मृतक सुनील राम की पत्नी मीरा बाई ने अपने परिजनों को बुलाकर पति के साथ मारपीट की घटना को अंजाम दिया। घटना के दो दिन बाद गंभीर चोटों के कारण सुनील राम की मौत हो गई।

--आईएएनएस

डीके/एबीएम