छात्र की मौत के बाद रांची आईआईआईटी में लगातार तीसरे दिन प्रदर्शन, निदेशक को हटाने की मांग
रांची, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। झारखंड की राजधानी रांची स्थित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (ट्रिपल आईटी) में प्रथम वर्ष के छात्र आदित्य की मौत के बाद छात्रों का विरोध प्रदर्शन लगातार तीसरे दिन भी जारी है। छात्र संस्थान के निदेशक प्रो. राजीव श्रीवास्तव को पद से हटाने और छात्रावास सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं में सुधार की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी छात्रों ने चेतावनी दी है कि मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा।
खेलगांव हाउसिंग सोसाइटी स्थित छात्रावास परिसर में प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं ने प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की और बैनर-पोस्टर लगाकर निदेशक को हटाने की मांग उठाई। छात्रों का आरोप है कि संस्थान में पिछले कई महीनों से अव्यवस्थाएं बनी हुई हैं। बार-बार शिकायत करने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं किया गया। छात्रों ने कहा कि वे पढ़ाई और अन्य मदों में प्रतिवर्ष करीब चार लाख रुपये फीस देते हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशानी उठानी पड़ती है।
उन्होंने कैंटीन में खानपान की व्यवस्था, छात्रावास की सुरक्षा, सीसीटीवी कैमरों और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। सोमवार शाम सात बजे संस्थान के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के चेयरमैन लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) एके भट्ट, निदेशक प्रो. राजीव श्रीवास्तव और संस्थान के कुछ शिक्षक एवं कर्मचारी प्रदर्शनकारी छात्रों से मिलने पहुंचे थे। इस दौरान छात्रों ने अपनी समस्याएं उनके सामने रखीं और निदेशक को हटाने की मांग पर अड़े रहे। चेयरमैन ने छात्रों की बातें सुनीं और मंगलवार तक किसी निष्कर्ष पर पहुंचने का संकेत दिया।
छात्रों का कहना है कि आदित्य की मौत ने संस्थान में सुविधाओं और आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था को लेकर उनकी चिंताएं बढ़ा दी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि लिफ्ट, एंबुलेंस, बिजली और ऑक्सीजन जैसी सुविधाएं पर्याप्त नहीं हैं। छात्रों का दावा है कि समय पर चिकित्सा सहायता मिलती, तो आदित्य की जान बचाई जा सकती थी। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
उधर, पुलिस छात्र की मौत के मामले की जांच कर रही है। संस्थान के निदेशक ने कहा कि इस घटना से सभी सदस्य मर्माहत हैं और मामले का समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने इसके लिए सभी से सहयोग की अपील की।
--आईएएनएस
एसएनसी/पीएम